लुधियाना: पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक खौफनाक वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी है। रेडू साहिब गुरुद्वारा के पास स्थित एक घर में दाखिल होकर हथियारबंद बदमाशों ने 40 वर्षीय युवक पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए युवक का हाथ कलाई से काटकर अलग कर दिया। इसके बाद आरोपी कटा हुआ हाथ एक लिफाफे में बंद कर नजदीकी करियाना दुकानदार के पास छोड़ गए और उसे पीड़ित के घर पहुंचाने का फरमान सुनाकर मौके से फरार हो गए।
शनिवार सुबह घर में घुसे हमलावर, बेरहमी से काटी कलाई
एसएचओ जितेंद्र कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शनिवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि रेडू साहिब गुरुद्वारे के पास एक मकान में खूनी झड़प हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम फौरन घटनास्थल पर पहुंची। प्राथमिक जांच में सामने आया कि बदमाशों ने घर में घुसकर मकान मालिक के साथ भी हाथापाई की और वहां मौजूद शक्ति सिंह उर्फ भूरा (40) को घेर लिया। हमलावरों ने शक्ति सिंह को बुरी तरह पीटने के बाद धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए और उसका एक हाथ काटकर धड़ से अलग कर दिया। खून से लथपथ शक्ति सिंह को नाजुक हालत में एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
करियाना दुकानदार को थमाया कटा हाथ, बोले- इसे युवक के घर छोड़ आओ
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने जो किया, उसने हर किसी को हिलाकर रख दिया। हमलावर शक्ति सिंह का कटा हुआ हाथ एक पॉलीथिन (लिफाफे) में डालकर अपने साथ ले गए। इसके बाद वे सतगुरु नगर की गली नंबर-9 में स्थित एक करियाना स्टोर पर पहुंचे और दुकानदार के हाथ में वह लिफाफा थमा दिया। आरोपियों ने दुकानदार से सीधे शब्दों में कहा कि इस कटे हुए हाथ को शक्ति सिंह के घर पहुंचा देना और इतना कहकर तेजी से वहां से निकल गए। इस खौफनाक मंजर को देखकर दुकानदार और आसपास के लोग सन्न रह गए।
दोनों पक्षों का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड, CCTV खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह पूरी खूनी वारदात पुरानी रंजिश का परिणाम नजर आ रही है। एसएचओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि घायल शक्ति सिंह उर्फ भूरा का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर पहले से करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी भी आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उन संदिग्धों की सूची तैयार कर ली है, जिनके साथ घायल का उठना-बैठना या विवाद था। वारदात स्थल और करियाना दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पुख्ता पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


A shocking incident in Punjab: A man entered a home and chopped off a young man’s hand, put it in an envelope




