अमृतसर: पंजाब के अमृतसर स्थित पॉश इलाके आनंद एवेन्यू में शुक्रवार देर रात मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। स्कूटर (एक्टिवा) साइड करने को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद दोस्तों ने ही घर के बाहर एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। 6 गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू कर दी है।
रात 11:30 बजे घर के बाहर हुआ विवाद, सिर और कमर में दागीं 6 गोलियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वारदात शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे आनंद एवेन्यू में हुई। मृतक की पहचान अमित के रूप में की गई है। मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा घर के बाहर ही मौजूद था, तभी एक्टिवा को रास्ते से हटाने को लेकर उसके दोस्तों के साथ उसकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने आव देखा न ताव और अपनी पिस्तौल निकालकर अमित पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पिता के मुताबिक, हमलावरों ने अमित पर कुल 6 राउंड फायर किए, जिनमें से दो गोलियां सीधे उसके सिर पर, एक कमर में और एक टांग में लगी।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, तीन भाइयों पर वारदात का आरोप
गोलियों की तड़तड़ाहट और अमित की चीख सुनकर परिजन तुरंत घर से बाहर दौड़े। खून से लथपथ अमित को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे की किसी से कोई पुरानी दुश्मनी या रंजिश नहीं थी, मामूली बात पर उसके ही साथियों ने उसकी जान ले ली। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हमले में शामिल तीनों आरोपी आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी, परिजनों ने लगाई इंसाफ की गुहार
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। रोते-बिलखते परिजनों ने पुलिस और प्रशासन से हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाने की मांग की है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल तीनों भाइयों की पहचान की पुष्टि की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


Friends opened fire in a dispute over parking an Activa, shooting a young man six times




