जालंधर: जालंधर नॉर्थ की सियासत में बुधवार को बड़ा राजनीतिक फेरबदल देखने को मिला है। आम आदमी पार्टी के जालंधर नॉर्थ से रहे हलका इंचार्ज दिनेश ढल ने AAP को अलविदा कहकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। दिनेश ढल के भाजपा में जाने से जालंधर नॉर्थ की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
खास बात यह है कि कुछ दिन पहले ही आम आदमी पार्टी ने दिनेश ढल को जालंधर नॉर्थ के हलका इंचार्ज पद से हटाकर उनकी जगह जालंधर के मेयर वनीत धीर को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद अब दिनेश ढल का भाजपा में शामिल होना AAP के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

पद हटने के कुछ दिन बाद ही बदला सियासी पाला
दिनेश ढल लंबे समय से जालंधर नॉर्थ की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने उन्हें जालंधर नॉर्थ से अपना उम्मीदवार बनाया था, जहां उन्होंने 32 हजार से अधिक वोट हासिल किए थे।
वहीं, 2026 में भी दिनेश ढल को AAP के जालंधर नॉर्थ हलका इंचार्ज के तौर पर पार्टी गतिविधियों में सक्रिय देखा गया था।
अब पार्टी की ओर से जिम्मेदारी बदले जाने के कुछ ही दिनों बाद उनका भाजपा में जाना कई तरह के राजनीतिक सवाल खड़े कर रहा है।
BJP के लिए नॉर्थ में बड़ा राजनीतिक फायदा?
जालंधर नॉर्थ को लंबे समय से कांग्रेस और भाजपा के बीच महत्वपूर्ण राजनीतिक मुकाबले वाला क्षेत्र माना जाता रहा है। ऐसे में दिनेश ढल जैसे AAP के पुराने और सक्रिय चेहरे का भाजपा में जाना नॉर्थ की चुनावी रणनीति पर असर डाल सकता है।
राजनीतिक हलकों में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दिनेश ढल के भाजपा में आने से नॉर्थ में भाजपा अपना संगठन और मजबूत कर पाएगी? और क्या आम आदमी पार्टी द्वारा हलका इंचार्ज बदलने के फैसले के बाद सामने आया यह घटनाक्रम आने वाले समय में पार्टी के लिए और मुश्किलें खड़ी करेगा?
फिलहाल दिनेश ढल के भाजपा में शामिल होने के बाद जालंधर नॉर्थ की राजनीति गरमा गई है और आने वाले दिनों में इस सियासी बदलाव के असर पर सबकी नजर रहेगी।


Major political upset in Jalandhar North! AAP leader Dinesh Dhal joins BJP




