You are currently viewing अमेरिका में करोड़ों का फ्रॉड कर भारत भागा भारतीय मूल का मनजीत बेदी, FBI ने मोस्ट वांटेड लिस्ट में डाला; सिर पर रखा 1.25 करोड़ रुपए का भारी इनाम

अमेरिका में करोड़ों का फ्रॉड कर भारत भागा भारतीय मूल का मनजीत बेदी, FBI ने मोस्ट वांटेड लिस्ट में डाला; सिर पर रखा 1.25 करोड़ रुपए का भारी इनाम

वॉशिंगटन: अमेरिका की शीर्ष जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक मनजीत सिंह बेदी को अपनी ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में शामिल कर दिया है। बेदी पर अमेरिकी सरकार की महत्वाकांक्षी जन-कल्याण योजना में सेंध लगाकर कम से कम 6 लाख डॉलर (करीब 5 करोड़ रुपये) का बड़ा गबन करने का संगीन आरोप है। अमेरिकी सरकार ने फरार बेदी की गिरफ्तारी और दोषसिद्धि तक पहुंचाने वाली पुख्ता जानकारी देने वाले के लिए 1.50 लाख डॉलर (लगभग 1.25 करोड़ रुपये) के भारी-भरकम इनाम का ऐलान किया है।

ग्रॉसरी स्टोर की आड़ में EBT कार्ड से ‘कैश’ का अवैध खेल
एफबीआई के अनुसार, अमेरिकी नागरिकता हासिल कर चुका मनजीत बेदी वॉशिंगटन राज्य के टकोमा में ‘एशियन ग्रॉसरी स्टोर’ नाम से किराने की दुकान चलाता था। उस पर आरोप है कि उसने मार्च 2024 से जून 2025 के बीच अमेरिकी सरकार के पूरक पोषण सहायता कार्यक्रम (SNAP) में बड़े पैमाने पर धांधली की। वह जरूरतमंदों को मिलने वाले इलेक्ट्रॉनिक बेनिफिट ट्रांसफर (EBT) कार्ड को अपनी दुकान पर स्वाइप करता था और उन्हें राशन देने के बजाय नकद पैसे थमा देता था। इस अवैध सौदेबाजी में वह कुल रकम का आधा हिस्सा खुद अपनी जेब में रख लेता था। इस गोरखधंधे से अमेरिकी सरकार के खजाने को 6 लाख डॉलर से ज्यादा की सीधी चपत लगी।

पासपोर्ट सरेंडर करने की शर्त तोड़ी, कार से कनाडा होकर पहुंचा भारत
वायर फ्रॉड और SNAP बेनिफिट फ्रॉड के आरोपों में घिरने के बाद अमेरिकी अदालत ने शुरुआत में बेदी को बिना गिरफ्तारी के पेश होने की रियायत दी थी। अदालत ने सख्त शर्त रखी थी कि वह अपना पासपोर्ट सरेंडर करेगा और वॉशिंगटन राज्य छोड़कर कहीं नहीं जाएगा। हालांकि, बेदी ने कानून को चकमा देते हुए कार से अमेरिका-कनाडा सीमा पार की और वहां से सीधे भारत भाग निकला। खुफिया एजेंसियों को पुख्ता आशंका है कि वह इस समय भारत में कहीं छिपा हुआ है।

21 मई को जारी हुआ अरेस्ट वारंट, शिकंजा कसने की तैयारी
अदालत द्वारा लगाई गई कड़ी पाबंदियों और शर्तों का खुला उल्लंघन करने पर 21 मई 2026 को यूनाइटेड स्टेट्स डिस्ट्रिक्ट कोर्ट (वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ वॉशिंगटन, टकोमा) ने मनजीत सिंह बेदी के खिलाफ गैर-जमानती संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। एफबीआई अब उसकी धरपकड़ के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाल बिछा रही है और भारत में भी उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के लिए एजेंसियों के साथ समन्वय साधा जा रहा है।

Manjit Bedi, an Indian-origin man who fled to India after committing a multi-crore fraud in the US