
अमृतसर: सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने रविवार को पंजाब से सटी भारत-पाक सीमा पर तस्करी की दो बड़ी कोशिशों को नाकाम कर दिया। बीएसएफ ने तरनतारन और अमृतसर जिलों में दो अलग-अलग घटनाओं में दो पाकिस्तानी ड्रोन और आधा किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई सीमा पार से हो रही नशा तस्करी के खिलाफ BSF की जीरो-टॉलरेंस नीति को दर्शाती है।
बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पहली घटना तरनतारन जिले के गांव नौशेरा ढल्ला के पास हुई। एक विशेष खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बीएसएफ के जवानों ने इलाके में एक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान खेतों से एक पाकिस्तानी ड्रोन (डीजेआई मैविक 3 क्लासिक) बरामद किया गया। आशंका है कि इस ड्रोन का इस्तेमाल नशीले पदार्थों की खेप गिराने के लिए किया जाना था।

दूसरी घटना में, अमृतसर बॉर्डर पर स्थित गांव धनोए कलां के नजदीक गश्त कर रहे BSF के सतर्क जवानों ने सीमा बाड़ के आगे एक खेत में कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी। जब इलाके की गहन तलाशी ली गई, तो वहां से एक और पाकिस्तानी ड्रोन (डीजेआई मैविक 3 क्लासिक) के साथ पीले टेप में लिपटा एक पैकेट भी मिला। पैकेट को खोलने पर उसमें से 558 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
बीएसएफ प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी तस्कर लगातार ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सीमा पर तैनात हमारे जवानों की सतर्कता के चलते उनके मंसूबे कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। पिछले कुछ समय में बीएसएफ ने ड्रोन के जरिए भेजी गई कई किलो हेरोइन और हथियार बरामद किए हैं।
View this post on Instagram


BSF’s ‘double action’ on Punjab border




