You are currently viewing श्री हरमंदिर साहिब में जूते पहनकर घूमा कंकाल, AI के इस विवादित वीडियो से सिखों में भारी रोष; SGPC ने लिया कड़ा एक्शन

श्री हरमंदिर साहिब में जूते पहनकर घूमा कंकाल, AI के इस विवादित वीडियो से सिखों में भारी रोष; SGPC ने लिया कड़ा एक्शन

अमृतसर: सिखों के सर्वोच्च धार्मिक स्थल श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) की बेअदबी का एक बेहद हैरान करने वाला और गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कंकाल को पगड़ी और जूते पहनकर श्री हरमंदिर साहिब परिसर और लंगर हॉल में घूमते हुए दिखाया गया है। इस आपत्तिजनक वीडियो के सामने आने के बाद पूरे सिख समुदाय में भारी रोष और आक्रोश फैल गया है।

SGPC एक्शन में, वायरल अकाउंट के खिलाफ शुरू हुई जांच

इस बेहद संवेदनशील मामले के तूल पकड़ते ही शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) तुरंत हरकत में आ गई है। कमेटी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही एसजीपीसी की ओर से उस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की पैरवी भी तेज कर दी गई है, जिसने यह शर्मनाक हरकत की है।

7 दिन के ‘अमृतसर टूर’ की थीम पर बना है यह वीडियो

करीब डेढ़ मिनट का यह विवादित एआई वीडियो ‘सात दिन अमृतसर में’ थीम पर तैयार किया गया है। इसमें पहले दिन श्री हरमंदिर साहिब की परिक्रमा, दूसरे दिन लंगर हॉल के दृश्य, तीसरे दिन जलियांवाला बाग और चौथे दिन अमृतसरी कुलचे खाते व लस्सी पीते हुए दिखाया गया है। वहीं, पांचवें दिन अटारी-वाघा बॉर्डर की सेरेमनी और छठे दिन शहर की गलियों व दुर्गियाना मंदिर के दर्शन के दृश्य शामिल हैं। सबसे ज्यादा आपत्ति सातवें दिन के दृश्य पर जताई जा रही है, जिसमें कंकाल को सूर्योदय के समय फिर से श्री हरमंदिर साहिब की परिक्रमा के दौरान जूते पहने हुए बैठे दिखाया गया है।

 

शरारती तत्वों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

इस गंभीर मुद्दे पर एसजीपीसी के अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है। जिस किसी भी शरारती तत्व ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से यह घिनौनी हरकत की है, उसके खिलाफ हर हाल में कड़ी से कड़ी कार्रवाई करवाई जाएगी। फिलहाल, संबंधित सुरक्षा और साइबर एजेंसियां वीडियो की सत्यता, इसके स्रोत और इसे फैलाने के पीछे की मंशा से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच में जुटी हुई हैं।

A ‘Skeleton’ Roams Sri Harmandir Sahib Wearing Shoes: AI-Generated Video Sparks Outrage