जालंधर: जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में आपसी विवाद ने उस वक्त भयानक रूप ले लिया, जब एक कबाड़ की दुकान में आग लग गई। आगजनी की इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते दुकान के बाहर रखा कबाड़, सीसीटीवी कैमरे, बिजली की तारें और फर्नीचर जलकर खाक हो गए। गनीमत रही कि वक्त रहते लोगों ने सूझबूझ दिखाई, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।
युवक पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप
पीड़ित दुकान मालकिन ने इस घटना के पीछे मोहल्ले के ही एक युवक का हाथ बताया है। पीड़िता के अनुसार, उसकी उक्त युवक से किसी बात को लेकर बहस हुई थी। उस वक्त युवक की बहन और जीजा उसे वहां से ले गए थे। लेकिन कुछ देर बाद युवक दोबारा लौटा। आरोप है कि उसने गुस्से में दुकान पर रखी कुर्सी और गद्दी को आग के हवाले कर दिया और वहां से भाग गया। जब पीड़िता इसकी शिकायत करने युवक के घर उसकी बहन के पास गई, तो पीछे से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के बाहर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
बाल-बाल बची मासूम की जान
आग लगने के बाद मंजर बेहद खौफनाक था। लपटों के कारण चारों तरफ धुआं फैल गया था। सबसे चिंताजनक बात यह थी कि दुकान के ऊपर बनी मंजिल पर एक छोटा बच्चा मौजूद था, जो धुएं और आग के बीच फंस गया था। बच्चे की जान खतरे में देख पड़ोसियों ने तुरंत हिम्मत दिखाई और सीढ़ी लगाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। अगर थोड़ी भी देर होती, तो धुएं के कारण बच्चे का दम घुट सकता था।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
आग लगते ही मोहल्ले के लोगों ने अपनी तरफ से बाल्टियों और पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन बिजली का करंट चालू होने के कारण स्थिति खतरनाक बनी हुई थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और बिजली बोर्ड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बिजली कर्मचारियों ने तुरंत जली हुई तारों को काटकर सप्लाई बंद की, जिसके बाद फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस घटना में दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और जरूरी दस्तावेज जल गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। पीड़ित पक्ष ने युवक पर जानबूझकर आगजनी करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि वह सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









