You are currently viewing पंजाब में हाईवे पर मौत का तांडव, पहले बस ने मारी टक्कर, फिर पीछे से आ रहे ट्रक ने उड़ाए परखच्चे; केबिन में फंसे ड्राइवर की हालत नाजुक

पंजाब में हाईवे पर मौत का तांडव, पहले बस ने मारी टक्कर, फिर पीछे से आ रहे ट्रक ने उड़ाए परखच्चे; केबिन में फंसे ड्राइवर की हालत नाजुक

लुधियाना: लुधियाना के ढंडारी इलाके में लोहे के पुल के पास शुक्रवार को एक के बाद एक हुई टक्करों ने नेशनल हाईवे को रणक्षेत्र बना दिया। इस भीषण सड़क हादसे में दो लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं, जबकि दुर्घटना के बाद हाईवे पर मीलों लंबा जाम लग गया। चश्मदीदों के मुताबिक, मंजर इतना खौफनाक था कि टक्कर मारने वाले ट्रक का ड्राइवर अपने ही केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।

टायर फटा और शुरू हुआ हादसों का सिलसिला

घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब साहनेवाल की ओर से ईंटों से लदा एक टाटा-407 ट्रक ढंडारी की तरफ आ रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बस ने ट्रक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा-407 का अगला टायर धमाके के साथ फट गया। हादसे से गुस्साया ट्रक ड्राइवर नीचे उतरा और भाग रही बस को पकड़ने के लिए करीब 500 मीटर तक उसके पीछे दौड़ा, लेकिन उसे क्या पता था कि पीछे खड़ा उसका ट्रक काल बन जाएगा।

पीछे से आए ट्रक ने ट्रक को बनाया निशाना, क्लीनर गंभीर

अभी टाटा-407 हाईवे पर खड़ा ही था कि दिल्ली की ओर से आ रहे एक अन्य तेज रफ्तार ट्रक ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में टाटा-407 के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठा क्लीनर लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है।

क्रेन और पुलिस की मदद से निकाला गया घायल ड्राइवर

दूसरे ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि उसका अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और ड्राइवर केबिन के भीतर ही फंसकर रह गया। मौके पर मौजूद राहगीरों और ट्रैफिक पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। बताया जा रहा है कि यह ट्रक जालंधर की ओर जा रहा था।

घंटों लगा रहा जाम, चालक फरार

हादसे के बाद लुधियाना-दिल्ली नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। वहीं, टाटा-407 का ड्राइवर हादसे के बाद से ही मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

A carnage of death on a Punjab highway: a bus first struck a passenger, then a truck from behind smashed it to pieces