जालंधर: पंजाब में सरकारी बसों में सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ सकती हैं। प्रदेश भर में कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत ड्राइवर और कंडक्टर अपनी लंबित मांगों को लेकर फिर से आर-पार के आंदोलन के मूड में आ गए हैं। जालंधर में रोडवेज यूनियन के नेताओं ने सरकार को सीधा अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार शाम तक कच्चे कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए, तो पूरे पंजाब में सरकारी बसों का चक्का जाम कर दिया जाएगा और बसों को डिपो में खड़ा कर तीन दिन की हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
सिर्फ चंडीगढ़ डिपो में मिले नियुक्ति पत्र, वादाखिलाफी से भड़के कर्मचारी
जालंधर में रोडवेज यूनियन के प्रधान विक्रमजीत सिंह और जालंधर रोडवेज डिपो के जनरल सेक्रेटरी चानण सिंह ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र नहीं दिए जा रहे हैं। चानण सिंह ने कहा कि पिछली हड़ताल के दौरान सरकार ने कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने का स्पष्ट वादा किया था, लेकिन अब तक केवल चंडीगढ़ डिपो में ही नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं, जबकि पंजाब के बाकी डिपो के कर्मचारी अब भी अपने हक का इंतजार कर रहे हैं। यूनियन नेताओं का आरोप है कि सरकार के साथ हुई बैठकों में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनने के बावजूद उन्हें पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। इसी टालमटोल के कारण पीआरटीसी और पनबस के कच्चे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा संघर्ष: शमशेर सिंह ढिल्लों
संगठन ने साफ कर दिया है कि इस बार कर्मचारी बिना ठोस समाधान के पीछे हटने वाले नहीं हैं। पंजाब के प्रदेश महासचिव शमशेर सिंह ढिल्लों ने कहा कि सभी कर्मचारी पीआरटीसी ठेका कर्मचारी मोर्चा के बैनर तले पूरी तरह एकजुट हैं और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। कर्मचारी नेताओं ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों का उचित समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा।




The wheels of government buses in Punjab may come to a halt once again; the roadways union has warned




