जैतो: पंजाब के जैतो स्थित गांव मत्ता में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जिस मौत को परिवार वाले हार्ट अटैक बताकर छिपाने की कोशिश कर रहे थे, वह दरअसल संपत्ति और पैसों के लालच में की गई एक खौफनाक साजिश निकली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बुजुर्ग की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनके अपने बेटे और बहू ने साथियों के साथ मिलकर गला घोंटकर की थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक की बेटी की शिकायत पर बेटे, बहू समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हार्ट अटैक का रचा था ड्रामा, बेटी ने गले पर निशान देख खोली साजिश की पोल
मृतक की पहचान गांव मत्ता निवासी हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। इस पूरे मामले का खुलासा उनकी बेटी सुखप्रीत कौर की सतर्कता से हुआ, जो जिला श्री मुक्तसर साहिब के गांव बरकंदी की रहने वाली हैं। पुलिस को दी शिकायत में सुखप्रीत कौर ने बताया कि 22 नवंबर की सुबह करीब सात बजे उनके भाई हरविंदर सिंह ने उनके पति बलराज सिंह को फोन कर सूचना दी कि पिता हरजिंदर सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। खबर मिलते ही सुखप्रीत अपने पति के साथ मायके गांव मत्ता पहुंचीं। वहां जब उन्होंने पिता के शव को देखा तो उनके गले पर संदिग्ध निशान दिखाई दिए, जिससे उन्हें मौत के कारणों पर गहरा शक हुआ। अपने स्तर पर जानकारी जुटाने पर सामने आया कि भाई हरविंदर सिंह और भाभी कोमल मकान अपने नाम करवाने तथा पैसों को लेकर अक्सर पिता के साथ झगड़ा करते थे।
चाय में मिलाई नींद की गोलियां, फिर चार लोगों ने हाथ-पैर पकड़े और बहू ने घोंट दिया गला
शिकायत के अनुसार, इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने की पटकथा 21 नवंबर को लिखी गई थी। उस दिन हरविंदर का साला चरणजीत सिंह निवासी श्रीगंगानगर भी गांव मत्ता आया हुआ था और शाम के समय भी पिता के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद हरविंदर ने अपने दोस्त धर्मेंद्र सिंह उर्फ भिंदर उर्फ बकरा और एक अन्य अज्ञात युवक को भी घर बुला लिया। साजिश के तहत बहू कोमल ने बुजुर्ग हरजिंदर सिंह की चाय में नींद की गोलियां मिला दीं। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे जब बुजुर्ग पूरी तरह बेहोशी की हालत में चले गए, तो हरविंदर, चरणजीत, धर्मेंद्र और अज्ञात युवक ने मिलकर उनके हाथ-पैर कसकर पकड़ लिए। इसके बाद कोमल ने बुजुर्ग के गले में परना डालकर उनका गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बेटा और उसका साला गिरफ्तार, बहू समेत तीन फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
बेटी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है। मामले के जांच अधिकारी एसआई जैजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के बेटे हरविंदर सिंह उर्फ निक्का और उसके साले चरणजीत सिंह उर्फ चन्नू को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, हत्याकांड में नामजद बहू कोमल, दोस्त धर्मेंद्र सिंह उर्फ भिंदर उर्फ बकरा और एक अज्ञात युवक अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक हरजिंदर सिंह के शव का मंगलवार को फरीदकोट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।




In Punjab, greed for property and money led to a cold-blooded murder within the family




