लुधियाना: पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) और गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी में आयोजित बहुप्रतीक्षित किसान और पशु मेले का शानदार आगाज हो गया है। इस भव्य मेले का उद्घाटन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने किया। इस दौरान सीएम मान ने मंच से कुछ ऐसा कह दिया जिसकी चर्चा अब पूरे प्रदेश में हो रही है। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों को सख्त लहजे में हिदायत दी और पंजाब की खेती में एक नई तकनीकी क्रांति लाने का बड़ा ऐलान भी किया।
वैज्ञानिकों को खरी-खरी, कहा- ‘किसानों पर प्रयोग करना बंद करें’
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने संबोधन के दौरान पीएयू के वैज्ञानिकों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वैज्ञानिक किसानों को अपनी लेबोरेटरी (प्रयोगशाला) न समझें, बल्कि उन्हें खेती के नए और उन्नत तरीके सुझाएं। सीएम ने पिछले महीने कपास (नरमा) की फसल में लगे कीड़े का उदाहरण देते हुए वैज्ञानिकों की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब परेशान किसान अपनी समस्या लेकर यूनिवर्सिटी पहुंचे, तो वैज्ञानिकों का रटा-रटाया जवाब था कि उनके खुद के नरमे में भी कीड़ा लग गया है। मान ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि यह रवैया बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार आपको पर्याप्त फंड दे रही है, इसलिए बहाने बनाने के बजाय अपनी जिम्मेदारी निभाएं और किसानों की समस्याओं का ठोस हल निकालें।
खेती में AI का तड़का, पंजाब रचने जा रहा है नया इतिहास
वैज्ञानिकों को फटकार लगाने के साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों की तरक्की के लिए एक विजनरी घोषणा भी की। सीएम भगवंत मान ने ऐलान किया कि पंजाब जल्द ही देश का पहला ऐसा राज्य बनने जा रहा है, जो अपनी कृषि व्यवस्था को पूरी तरह से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ेगा। उन्होंने बताया कि राज्य में आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए नवीनतम तकनीक का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जा रहा है। पंजाब सरकार कृषि क्षेत्र को लेकर पूरी तरह से गंभीर है और भविष्य में तकनीक के जरिए किसानों की पैदावार और आमदनी बढ़ाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।

‘Do Not Treat Farmers as Laboratory Subjects!’ CM Mann Lashes Out at Scientists




