अमृतसर: गुरु नानक देव अस्पताल से एक चार दिन के मासूम के अगवा होने से भारी हड़कंप मच गया। हालांकि, अमृतसर पुलिस ने अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए 24 घंटे से भी कम समय में इस सनसनीखेज वारदात को सुलझा लिया है। पुलिस ने न केवल नवजात को सुरक्षित बरामद कर लिया है, बल्कि उसे अगवा करने वाली शातिर महिला को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
अस्पताल में ऐसे बिछाया धोखे का जाल
तरनतारन जिले के गांव कसेल पट्टी किल्लेवाली की रहने वाली रानी कौर ने 15 मार्च को एक बेटे को जन्म दिया था। जन्म के कुछ समय बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 19 मार्च को रानी कौर ने मजीठा रोड थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि एक अज्ञात महिला ने अस्पताल में पहले उनसे हमदर्दी जताकर दोस्ती गांठने का नाटक किया। इसके बाद जैसे ही उसे मौका मिला, वह बड़ी चालाकी से उनके कलेजे के टुकड़े को चुराकर फरार हो गई।
सीसीटीवी और पुलिस की फुर्ती से मिला मासूम
अस्पताल से नवजात के चोरी होने की घटना की गंभीरता को देखते हुए अमृतसर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और कई विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने बिना समय गंवाए अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साधनों की मदद से जांच की दिशा तय की। इसी तेजी के चलते पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गुरदासपुर जिले के लधा मुंडा की रहने वाली आरोपी जसप्रीत कौर को धर दबोचा। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि चार दिन का मासूम बिल्कुल सुरक्षित मिला, जिसे पुलिस ने तुरंत उसके माता-पिता की गोद में सौंप दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Filmy-Style Baby Theft at a Punjab Hospital: Woman Befriends Mother to Abduct 4-Day-Old Newborn




