चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में अचानक मौसम ने करवट ले ली है और लोगों को तूफानी हवाओं के साथ बारिश का सामना करना पड़ रहा है। बीती रात से ही राज्य के कई इलाकों में तेज हवाओं का दौर जारी है। फरीदकोट, अमृतसर, बठिंडा, जालंधर और पटियाला जैसे प्रमुख शहरों में आधी रात के बाद अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे मौसम में एकदम से बदलाव आ गया। इसके अलावा पठानकोट और लुधियाना समेत कई अन्य जिलों में भी आसमान में घने बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट
खराब मौसम के इस रुख को देखते हुए मौसम विभाग ने आज (15 मार्च) के लिए एक गंभीर चेतावनी जारी कर दी है। राज्य के नौ जिलों में गरज-चमक, आंधी और तेज हवाओं के साथ ओले गिरने का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस दौरान तूफानी हवाओं की रफ्तार काफी तेज रहने वाली है, जो 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को बिना किसी जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तापमान में गिरावट
मौसम के इस बदलाव के बीच पिछले 24 घंटों में तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, यह अभी भी सामान्य तापमान के मुकाबले 3.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक गर्मी श्री आनंदपुर साहिब में महसूस की गई, जहां अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, 17 मार्च को लोगों को इस खराब मौसम से थोड़ी बहुत राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन इसके बाद 20 मार्च तक फिर से तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का ऐसा ही मौसम बने रहने की प्रबल संभावना है।
इन शहरों में बरसेंगे ओले
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिन नौ जिलों में ओलावृष्टि की सबसे ज्यादा संभावना जताई गई है, उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला और संगरूर शामिल हैं। इन इलाकों में तेज आंधी चलने और आसमान में भयंकर बिजली चमकने के पूरे आसार हैं। वहीं, तरन तारन, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, फिरोजपुर और मोगा में भी बादलों की तेज गरज के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इसके साथ ही पठानकोट से लेकर मोहाली और फतेहगढ़ साहिब तक के इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है, जबकि तरन तारन, फिरोजपुर और संगरूर के कुछ हिस्सों में सिर्फ बूंदाबांदी होने की उम्मीद है।

After heavy rainfall in five districts of Punjab, a hailstorm alert has now been issued for nine districts




