You are currently viewing चंडीगढ़ में ATM खराब होने पर भड़का शख्स, ASI को जड़े थप्पड़; पगड़ी गिरी- फिर भी आरोपी के खिलाफ नहीं हुई कार्रवाई, जानें क्यों

चंडीगढ़ में ATM खराब होने पर भड़का शख्स, ASI को जड़े थप्पड़; पगड़ी गिरी- फिर भी आरोपी के खिलाफ नहीं हुई कार्रवाई, जानें क्यों

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-23 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक शख्स एटीएम मशीन खराब होने की मामूली बात पर बैंक स्टाफ और पुलिस से भिड़ गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने मौके पर पहुंचे एक एएसआई (ASI) के साथ हाथापाई करते हुए उन्हें थप्पड़ मार दिए, जिससे उनकी पगड़ी जमीन पर गिर गई। बाद में आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आने पर पुलिस ने मानवीय आधार पर कोई मामला दर्ज नहीं किया।

एटीएम खराब होने पर गार्ड और स्टाफ से उलझा

मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-24 निवासी अवतार सिंह बुधवार को पैसे निकालने के लिए सेक्टर-23 के एसबीआई बैंक पहुंचा था। वहां ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने उसे बताया कि एटीएम मशीन तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर रही है और वह पास के दूसरे एटीएम का इस्तेमाल कर सकता है। इस साधारण सी बात पर अवतार सिंह भड़क गया और गार्ड को गालियां देने लगा। इसके बाद वह बैंक के अंदर घुस गया और स्टाफ के साथ बदतमीजी करने लगा। बैंक मैनेजर ने स्थिति को बेकाबू होते देख तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।

एएसआई को जड़ा थप्पड़, पगड़ी गिरने से तनाव

सूचना मिलते ही एरिया बीट इंचार्ज एएसआई लखबीर सिंह मौके पर पहुंचे। जब एएसआई अवतार सिंह को समझा-बुझाकर बैंक के बाहर ले जाने लगे, तो आरोपी ने अचानक अपना आपा खो दिया। उसने एएसआई को गालियां देते हुए उन पर हमला कर दिया और थप्पड़ जड़ दिए। इस छीना-झपटी में एएसआई की पगड़ी सिर से उतरकर नीचे गिर गई, जिससे वहां मौजूद लोग और अन्य पुलिसकर्मी हैरान रह गए। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू किया और पुलिस वाहन तक ले गए।

पुलिस गाड़ी चलाने की जिद पर अड़ा आरोपी

पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद भी अवतार सिंह की हरकतें शांत नहीं हुईं। वह जिद करने लगा कि वह पुलिस की गाड़ी में आगे की सीट पर बैठेगा और खुद गाड़ी चलाकर थाने जाएगा। पुलिसकर्मियों ने बड़ी सूझबूझ से उसे शांत किया और पीछे की सीट पर बैठाकर थाने ले गए। इस हंगामे को देखने के लिए बैंक के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी।

साइकियाट्रिक पेशेंट होने के कारण नहीं हुई कार्रवाई

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अवतार सिंह साइकियाट्रिक (मानसिक) समस्या से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है। आरोपी के भाई गुरमीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को बताया कि अवतार अपनी दवा लेना भूल गया था, जिस कारण उसका व्यवहार हिंसक हो गया। भाई द्वारा लिखित में माफी मांगने और बैंक मैनेजर की ओर से कोई औपचारिक शिकायत न मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। एएसआई लखबीर सिंह ने भी बड़े दिल का परिचय देते हुए आरोपी की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे माफ कर दिया और उसे इलाज के लिए घर भेज दिया गया।

A Chandigarh man, enraged by a malfunctioning ATM, slapped an ASI; his turban fell off