You are currently viewing चंडीगढ़ में अब रात भर छलकेगा जाम, नई एक्साइज पॉलिसी में 24 घंटे शराब की छूट; मिनी बार और देर रात तक क्लबों के लिए खुली राह

चंडीगढ़ में अब रात भर छलकेगा जाम, नई एक्साइज पॉलिसी में 24 घंटे शराब की छूट; मिनी बार और देर रात तक क्लबों के लिए खुली राह

चंडीगढ़: सिटी ब्यूटीफुल के शौकीनों और होटल इंडस्ट्री के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने खुशियों का पिटारा खोल दिया है। वर्ष 2026-27 के लिए जारी नई एक्साइज पॉलिसी में शराब परोसने के नियमों में बड़े बदलाव किए गए हैं। अब शहर के ‘ए’ कैटेगरी के होटलों में 24 घंटे शराब उपलब्ध रहेगी, जिससे पर्यटन और नाइटलाइफ को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

होटल कमरों में ‘मिनी बार’ और 24 घंटे सर्विस

प्रशासन की नई नीति के अनुसार, ए-कैटेगरी के होटलों को अब समय की पाबंदी से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, बी और सी कैटेगरी के होटल भी यह सुविधा हासिल कर सकते हैं, बशर्ते उन्हें 30 लाख रुपये की वार्षिक लाइसेंस फीस चुकानी होगी। इतना ही नहीं, अब होटलों के कमरों में ‘मिनी बार’ बनाने की भी अनुमति दे दी गई है, जिससे मेहमान अपनी सुविधानुसार कमरे में ही ड्रिंक्स का आनंद ले सकेंगे।

रात 3 बजे तक खुले रह सकेंगे बार और क्लब

आम तौर पर शहर के बार अब सुबह 11 बजे से रात 1 बजे तक खुले रहेंगे, लेकिन इसमें एक पेंच है कि आखिरी ऑर्डर रात 12 बजे तक ही लिया जा सकेगा। हालांकि, जो क्लब या रेस्टोरेंट देर रात तक महफिल जमाना चाहते हैं, वे 8 लाख रुपये की अतिरिक्त फीस भरकर रात 3 बजे तक शराब परोस सकेंगे। ऐसे संस्थानों में आखिरी ऑर्डर रात 2 बजे तक लिया जा सकेगा।

एक्स्ट्रा बार के लिए चुकानी होगी भारी कीमत

नई पॉलिसी में लाइसेंस धारकों को अपने परिसर में एक्स्ट्रा बार काउंटर खोलने की भी छूट दी गई है। इसके लिए उन्हें मूल लाइसेंस फीस का 75% अतिरिक्त भुगतान करना होगा। यदि कोई होटल या क्लब परिसर के भीतर ही किसी दूसरी जगह (जैसे पूल साइड या ओपन टैरेस) पर शराब परोसना चाहता है, तो उसे 25% अतिरिक्त फीस देनी होगी।

पलसोरा का ठेका सबसे महंगा, सेक्टर 41 सबसे सस्ता

इस साल शराब के ठेकों की नीलामी में पलसोरा (मोहाली बॉर्डर के पास) का ठेका सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है। एक्साइज विभाग ने इसका रिजर्व प्राइस रिकॉर्ड 11.41 करोड़ रुपये तय किया है। इसके विपरीत, सेक्टर 41-C की मार्केट का ठेका सबसे किफायती श्रेणी में है, जिसका रिजर्व प्राइस महज 1.93 करोड़ रुपये रखा गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि इन बदलावों से राजस्व में भारी बढ़ोतरी होगी।

chandigarh-will-now-be-open-to-all-night-drinking-with-a-new-excise-policy-allowing-24-hour-liquor-sales