मोहाली: होली के पावन मौके पर जहां एक तरफ लोग रंगों के त्योहार में डूबे थे, वहीं मोहाली के एक कैफे में अवैध रूप से चंडीगढ़ मार्का शराब परोसने का गोरखधंधा चल रहा था। जैसे ही इस खेल की भनक एक्साइज विभाग को लगी, उन्होंने तुरंत मौके पर छापा मार दिया। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान कैफे से भारी मात्रा में प्रीमियम ब्रांड की शराब बरामद की गई है, जिसे केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित किया गया था लेकिन पंजाब में इसे अवैध रूप से ग्राहकों को परोसा जा रहा था। एक्साइज विभाग ने इस मामले में सख्त एक्शन लेते हुए अंबाला के सेक्टर-20 निवासी आरोपी रिधम के खिलाफ सोहाना थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज करवा दी है।
एक्साइज विभाग की गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब एक्साइज विभाग को सूचना मिली थी कि मोहाली के सेक्टर-99 स्थित फ्लोरेंस कैफे में ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। इसी आधार पर एक्साइज कमिश्नर और पटियाला जोन के डिप्टी कमिश्नर (एक्साइज) के सख्त निर्देशों के तहत 4 मार्च को इस कैफे पर एक विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस और एक्साइज विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से सारी अवैध शराब को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पंजाब एक्साइज एक्ट की धारा 61 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कैफे से बरामद हुई महंगी शराब की खेप
एक्साइज इंस्पेक्टर गुरिंदरपाल सिंह के नेतृत्व में जब एक्साइज पुलिस की टीम ने कैफे की गहनता से तलाशी ली, तो वहां से चंडीगढ़ में बिकने वाली प्रीमियम ब्रांड की शराब का जखीरा मिला। टीम द्वारा जब्त की गई शराब में जेमसन की 12 बोतलें, ग्रे गूस की 6 बोतलें, ब्लैक लेबल की 2 बोतलें और ग्लेनलिवेट की 2 बोतलें शामिल हैं। इसके अलावा मौके से एब्सोल्यूट वोडका की 2 बोतलें, सुला सेको की 12 बोतलें, जे.सी. रेड की 3 बोतलें और किंगफिशर अल्ट्रा बीयर की 24 पिंट भी बरामद की गई हैं। यह पूरी खेप पंजाब में बिना किसी परमिट के अवैध रूप से बेची जा रही थी।

Chandigarh liquor was being sold at a famous Punjab cafe; excise raid conducted during Holi celebrations




