
मोहाली: पंजाब में गैंगस्टरों का खौफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मोहाली से सामने आया है, जहां एक आईटी कंपनी के मालिक को फोन कर कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। पैसा न देने पर कॉलर ने कारोबारी को परिवार सहित जान से खत्म करने की धमकी दी है। पीड़ित की शिकायत पर सोहाना थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(3) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में आईटी कंपनी के मालिक गुरजोत सिंह ने बताया कि उन्हें पहली धमकी भरी कॉल 12 सितंबर को आई थी। फोन करने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताते हुए कहा, “जल्दी से 5 करोड़ रुपए का इंतजाम करो, नहीं तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे।” गुरजोत सिंह के अनुसार, पहले तो उन्होंने इसे कोई मजाक समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन इसके बाद उन्हें लगातार धमकी भरे फोन आने लगे।

गुरजोत सिंह ने बताया कि 13 सितंबर को भी उन्हें कई कॉल आईं, जिन्हें उन्होंने नहीं उठाया। इसके बाद 14 सितंबर को जब उन्होंने फोन उठाया तो कॉलर ने खुद को गोल्डी ढिल्लों बताया और फिर से 5 करोड़ रुपए की मांग दोहराई। जब गुरजोत ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो कॉलर ने धमकाते हुए कहा, “पैसे तो तुझे मारकर भी वसूल कर लिए जाएंगे।”
लगातार मिल रही इन धमकियों से गुरजोत सिंह और उनका पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत में आ गया। 18 सितंबर को जब फिर से जान से मारने की धमकी मिली, तो उन्होंने डरकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
गौरतलब है कि मोहाली में कारोबारियों से रंगदारी मांगने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी एक दवा कंपनी के मालिक, एक प्रॉपर्टी डीलर और एक अन्य आईटी कंपनी के मालिक को इसी तरह धमकी भरे फोन आ चुके हैं। पुलिस ने एक मामले में आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन शहर में इस तरह की घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। पुलिस ने पीड़ित को सुरक्षा का आश्वासन देकर मामले की जांच तेज कर दी है।
View this post on Instagram


5 crore ransom demanded in the name of Goldy Brar




