जालंधर: पंजाब में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के जालंधर और पठानकोट जिलों में हुई हल्की बारिश से तापमान में ठंडक घुल गई है और मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। इसके साथ ही जालंधर में शुक्रवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही हिमाचल प्रदेश से सटे पंजाब के सीमावर्ती जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश होने का अनुमान जताया था, जिसका असर अब मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर: बठिंडा रहा सबसे गर्म, सामान्य से ऊपर बना हुआ है पारा
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान में कश्मीर और उसके आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय है। इसके प्रभाव से मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं का असर बना हुआ है, जिसके चलते पंजाब के कुछ हिस्सों में बादलवाही और हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बावजूद यह सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक 33.1 डिग्री सेल्सियस तापमान बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया।
अगले 5 दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं, धुंध को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 नवंबर के बाद प्रदेश भर में मौसम एक बार फिर शुष्क (ड्राई) रहने की संभावना है। आगामी पांच दिनों तक पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। हालांकि, बारिश और नमी के कारण अब रात और सुबह के समय प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम धुंध (कोहरा) छाने की संभावना जताई गई है, जिससे सुबह के समय वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।




Weather conditions have shifted in Punjab; light rain in Jalandhar has brought a drop in temperature




