You are currently viewing जालंधर सेंट्रल में किस के इशारों पर हटाए गए बीजेपी नेताओं के बोर्ड, गौतम कुकरेजा ने AAP नेता पर लगाए द्वेषपूर्ण कार्रवाई के आरोप, बोले – लोकप्रियता से घबरा रही AAP, 2027 से पहले ही आवाज दबाने की कोशिश

जालंधर सेंट्रल में किस के इशारों पर हटाए गए बीजेपी नेताओं के बोर्ड, गौतम कुकरेजा ने AAP नेता पर लगाए द्वेषपूर्ण कार्रवाई के आरोप, बोले – लोकप्रियता से घबरा रही AAP, 2027 से पहले ही आवाज दबाने की कोशिश

जालंधर ( अमन बग्गा ) पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले जालंधर की राजनीति में पोस्टर वार शुरू होता दिखाई दे रहा है। जालंधर सेंट्रल विधानसभा हलके में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरों वाले दिवाली और छठ पूजा की शुभकामनाएं देने वाले फ्लेक्स बोर्ड नगर निगम की टीम द्वारा हटाए जाने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

इन बोर्डों पर भाजपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व सीपीएस अविनाश चंद्र और भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौतम कुकरेजा की तस्वीरें लगी हुई थीं। इन बोर्डों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को दिवाली और छठ पूजा की शुभकामनाएं दी गई थीं। लेकिन नगर निगम की कार्रवाई के बाद भाजपा नेताओं ने इसे सामान्य प्रशासनिक कार्रवाई के बजाय राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कदम बताया है।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौतम कुकरेजा ने इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए आरोप लगाया कि जालंधर सेंट्रल विधानसभा हलके में आम आदमी पार्टी के एक बड़े नेता के इशारे पर जानबूझकर भाजपा नेताओं की तस्वीरों वाले बोर्ड हटवाए गए हैं और हमारे बोर्ड हटाकर उन की जगह आप नेता ने खुद के बोर्ड लगवा दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर जनता को शुभकामनाएं देने के लिए लगाए गए बोर्डों को इस तरह हटाना राजनीतिक बदले की भावना को दर्शाता है।

लोकप्रियता से घबरा रही AAP? गौतम कुकरेजा ने उठाए सवाल

गौतम कुकरेजा ने कहा कि भाजपा के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया और पूर्व सीपीएस अविनाश चंद्र जैसे वरिष्ठ नेताओं की जनता के बीच अपनी अलग पहचान और लोकप्रियता है। भाजपा कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच सक्रिय हैं। शायद यही बात आम आदमी पार्टी के जालंधर सेंट्रल के कुछ नेताओं को रास नहीं आ रही।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि नगर निगम की ओर से अतिक्रमण या नियमों के उल्लंघन के आधार पर बोर्ड हटाए जा रहे हैं, तो फिर कार्रवाई में समानता क्यों नहीं दिखाई दे रही? क्या शहर में अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं के बोर्ड भी इसी तरह हटाए गए हैं? यदि नहीं, तो फिर भाजपा नेताओं के बोर्डों को ही निशाना क्यों बनाया गया?

नगर निगम की कार्रवाई पर भी मांगा जवाब

गौतम कुकरेजा ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों द्वारा यह कहकर कार्रवाई की जा रही है कि उन्हें उच्च अधिकारियों के आदेश मिले हैं, लेकिन इन आदेशों के पीछे का वास्तविक आधार सार्वजनिक नहीं किया जा रहा। प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि बोर्ड हटाने के आदेश किसने दिए और क्या सभी राजनीतिक दलों के लिए एक जैसे नियम लागू किए जा रहे हैं?

उन्होंने कहा कि सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किसी राजनीतिक पार्टी के नेताओं की लोकप्रियता को रोकने या विरोधियों को दबाने के लिए नहीं होना चाहिए। अगर कोई बोर्ड नियमों के खिलाफ है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए, लेकिन किसी एक पार्टी को निशाना बनाकर कार्रवाई करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।

2027 से पहले ही विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश?

गौतम कुकरेजा ने कहा कि पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख आम आदमी पार्टी के कुछ नेताओं में राजनीतिक बेचैनी दिखाई देने लगी है। भाजपा की बढ़ती सक्रियता और वरिष्ठ नेताओं के जनसंपर्क से घबराकर इस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच अपनी बात रखने और जनहित के मुद्दे उठाने से पीछे नहीं हटेगी। बोर्ड उतारने से न तो भाजपा नेताओं की लोकप्रियता कम होगी और न ही कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटेगा।

गौतम कुकरेजा ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि इस पूरी कार्रवाई का आधार सार्वजनिक किया जाए और यदि राजनीतिक भेदभाव के तहत बोर्ड हटाए गए हैं तो इसकी जिम्मेदारी तय की जाए।

फिलहाल इस मामले में आम आदमी पार्टी के संबंधित नेता और नगर निगम प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।