लुधियाना: महानगर में लुटेरों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस का खौफ खत्म होता दिख रहा है। ताजा मामला लुधियाना के मुंडियां पुलिस चौकी के अधीन आते 33 फुटा रोड का है, जहां बीती रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक चिकन कॉर्नर के कर्मचारी को अपना निशाना बनाया। लुटेरों ने न केवल कर्मचारी से लूटपाट की, बल्कि उसके मुंह पर तेजधार हथियार (दात) से वार कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।
चाबियां लौटाकर घर जा रहा था पीड़ित
सन्नी चिकन कॉर्नर के मालिक संदीप ने बताया कि वे किसी शादी समारोह में गए हुए थे। रात करीब 12 बजे उनका कर्मचारी मान सिंह दुकान की चाबियां उन्हें लौटाने आया था। चाबियां देने के बाद जब मान सिंह वापस अपने घर जा रहा था, तभी कुछ दूरी पर एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
मिन्नतें करता रहा, पर बदमाशों ने नहीं सुनी
पीड़ित मान सिंह ने बताया कि उसने खतरे को भांपते हुए अपनी बाइक भगाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर घेर लिया। बिना किसी बातचीत के एक बदमाश ने उसके चेहरे पर सीधा दात (तेजधार हथियार) दे मारा, जिससे उसका एक दांत टूट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
बदमाशों ने उसकी जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया। जब मान सिंह ने विरोध करने की कोशिश की, तो गुस्साए लुटेरों ने उसकी बाइक को भी बुरी तरह तोड़ दिया। पीड़ित के मुताबिक, उसने हाथ जोड़कर काफी मिन्नतें कीं, लेकिन लुटेरों ने एक नहीं सुनी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
घटना का पता सुबह चला जब मान सिंह की पत्नी ने मालिक संदीप को फोन किया। सूचना मिलते ही मुंडियां पुलिस चौकी के ASI पुरुषोत्तम लाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बिना नंबर प्लेट वाली बाइक और आरोपियों की पहचान की जा सके।

Unafraid crooks in Punjab: They punched a Chicken Corner employee in the face, broke his teeth




