You are currently viewing कनाडा में भीषण सड़क हादसा, दो कारों की सीधी भिड़ंत के बाद भड़की आग; पंजाबी युवक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत

कनाडा में भीषण सड़क हादसा, दो कारों की सीधी भिड़ंत के बाद भड़की आग; पंजाबी युवक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत

होशियारपुर: कनाडा की राजधानी ओटावा में होशियारपुर जिले के युवक की कार में जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों कारें सड़क से करीब 25 फीट दूर जाकर गिरीं और उनमें अचानक भीषण आग लग गई। घायल होने के कारण कार सवार युवक समय रहते बाहर नहीं निकल सका और आग की लपटों में घिर गया।

25 फीट दूर जाकर गिरीं गाड़ियां, लपटों ने किसी को पास नहीं फटकने दिया
ओटावा पुलिस और फायर सर्विसेज के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा बुधवार देर रात करीब एक बजे के बाद ओल्ड रिचमंड रोड और फैलोफील्ड रोड के चौराहे पर हुआ। होंडा सीआरवी और किया सोरेंटो के बीच हुई भीषण टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों के लिए भी गाड़ियों के नजदीक पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया था। काफी मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया, तो होंडा सीआरवी की अगली सीट पर युवक का बुरी तरह झुलसा हुआ शव बरामद हुआ। पैरामेडिक्स ने मौके पर ही उसे मृत घोषित कर दिया।

दो साल पहले सुनहरे भविष्य का सपना लेकर कनाडा गया था ब्रह्मजोत
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान होशियारपुर के कस्बा टांडा निवासी ब्रह्मजोत सिंह के रूप में हुई है। ब्रह्मजोत करीब दो साल पहले ही सुनहरे भविष्य के सपने संजोकर कनाडा गया था। कनाडा पुलिस ने पहचान की पुष्टि के बाद गुरुवार को प्रेस ब्रीफिंग कर हादसे की आधिकारिक जानकारी दी। जैसे ही यह दुखद खबर टांडा स्थित ब्रह्मजोत के पैतृक घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

दूसरी कार का ड्राइवर गंभीर, पुलिस ने शुरू की जांच
इस हादसे में दूसरी कार (किया सोरेंटो) का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे रेस्क्यू कर नाजुक हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ओटावा पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि आखिर यह जानलेवा टक्कर किस वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुई।

‘मौत का रोड’ बन रहा फैलोफील्ड मार्ग, स्थानीय लोगों में भारी रोष
घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यह सड़क सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक हो चुकी है और एक साल के भीतर इस मार्ग पर यह दूसरा बड़ा जानलेवा हादसा है। स्थानीय लोगों ने ऐलान किया है कि सड़क को ठीक करवाने और यहां पुख्ता सेफ्टी इंतजाम लागू करवाने के लिए वे जल्द ही अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।

Horrific road accident in Canada; fire erupts after head-on collision between two cars