जालंधर: जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले ट्रेवल एजेंटों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना नंबर 6 की पुलिस ने बस स्टैंड स्थित ‘जुझार ओवरसीज’ के मालिक अमनदीप सिंह कक्कड़ और उनकी पत्नी महिमा कौर कक्कड़ को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों पर एक युवती को विदेश भेजने का झांसा देकर उससे 6.50 लाख रुपये ठगने का गंभीर आरोप है। पुलिस को काफी समय से इनकी तलाश थी और जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह गिरफ्तारी की गई है। इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
थाना प्रभारी (SHO) अजैब सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पति-पत्नी ने मिलकर पीड़ित युवती को विदेश भेजने का सपना दिखाया था और इसके बदले में 6.50 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने न तो युवती को विदेश भेजा और न ही उसके पैसे वापस लौटाए। जब पीड़ित पक्ष ने दबाव बनाया, तो वे आनाकानी करने लगे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की और आरोपों की पुष्टि होने पर एफआईआर दर्ज की गई थी। अब पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है ताकि ठगी की रकम और अन्य संभावित पीड़ितों के बारे में जानकारी मिल सके।

Travel agent couple arrested in Jalandhar




