बरनाला: पंजाब के बरनाला जिले में रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी चाची ने अपने ही 5 साल के मासूम भतीजे पर हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। महिला ने बच्चे को डंडों से बुरी तरह पीटने के साथ-साथ गर्म तवे और लोहे के दहकते चिमटे से जगह-जगह दाग दिया। यह खौफनाक सच तब सामने आया जब मासूम चोट और जलने के गहरे निशानों के साथ स्कूल पहुंचा। स्कूल में किसी ने बच्चे की हालत देखकर उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दीं, जिसके वायरल होते ही प्रशासन और समाज में हड़कंप मच गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो देख पहुंची समाज सेवी संस्था, कराया भर्ती
इंटरनेट पर मासूम पर हुए अत्याचार का वीडियो वायरल होते ही पटियाला की प्रसिद्ध समाजसेवी संस्था ‘अपना फर्ज सेवा सोसायटी’ हरकत में आ गई। संस्था के प्रमुख जत्थेदार सतपाल सिंह पाल खरोड़ अपनी टीम के साथ तत्काल बरनाला के संबंधित गांव पहुंचे। उन्होंने स्थानीय पंचायत, ग्रामीणों, बाल विकास विभाग और पुलिस प्रशासन की मदद से गंभीर रूप से जख्मी बच्चे को रेस्क्यू किया और तुरंत बरनाला के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया।
मां की मौत के बाद बेऔलाद ताया-चाची ने लिया था गोद
मासूम के बेबस पिता मूल चंद ने आंसुओं के बीच बताया कि उसकी पत्नी का कुछ समय पहले देहांत हो चुका है। पड़ोस में रहने वाले उसके बड़े भाई की चार बेटियां थीं और उनका कोई बेटा नहीं था। इसलिए करीब ढाई साल पहले उसने अपने कलेजे के टुकड़े को अपने बड़े भाई को गोद दे दिया था, ताकि बच्चे को मां-बाप का पूरा प्यार मिल सके। पिता ने बताया कि वह सुबह-सवेरे दिहाड़ी-मजदूरी के लिए घर से निकल जाता था और देर रात लौटता था, जिसके चलते उसे घर की चारदीवारी के भीतर बच्चे पर हो रहे इस अमानवीय जुल्म की भनक तक नहीं लग पाई।
धूप में घंटों खड़ा रखती, चिमटे से दागती थी बेरहम चाची
अस्पताल के बिस्तर पर दर्द से कराहते हुए 5 साल के मासूम ने अपनी आपबीती सुनाई तो डॉक्टरों की भी आंखें भर आईं। बच्चे ने बताया कि उसकी चाची बात-बात पर डंडों से उसकी पिटाई करती थी। जुल्म यहीं नहीं थमा, उसने गर्म तवे और लाल गर्म चिमटे से उसके नाजुक शरीर को कई जगह दागा। यही नहीं, सजा के तौर पर चिलचिलाती धूप में घंटों तक दोनों हाथों में पानी की भारी बोतलें देकर खड़ा रखा जाता था। पीड़ित पिता ने आरोपी महिला के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजने की मांग की है।
अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
बरनाला सिविल अस्पताल के डॉक्टर अंकुश जिंदल ने पुष्टि की कि बच्चे का मेडिकल परीक्षण किया गया है। बच्चे के पूरे शरीर पर गंभीर चोटों और जलने के पुराने व नए गहरे निशान मौजूद हैं। हालांकि, डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से बच्चा फिलहाल खतरे से बाहर है और वार्ड में उसकी देखरेख की जा रही है। वहीं थाना सिटी-1 बरनाला के एएसआई जसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस अस्पताल से विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट हासिल कर रही है और परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ बेहद सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Horrific abuse of an innocent child by his aunt in Punjab: the 5-year-old was branded with a hot griddle and tongs and beaten with sticks




