गोराया: पंजाब के गोराया नेशनल हाईवे पर ड्राइविंग टेस्ट सेंटर के दूसरी तरफ एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार स्पलेंडर मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह लहूलुहान हो गए।
फिल्लौर की ओर से आ रहे थे दोनों युवक, राहगीर की सूचना पर तुरंत पहुंची SSF टीम
इस घटना की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें एक राहगीर के माध्यम से सूचना मिली थी कि ड्राइविंग टेस्ट सेंटर के दूसरी ओर दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़े हैं। सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम बिना किसी देरी के तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि दोनों युवक एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर फिल्लौर की तरफ से आ रहे थे और इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से उनकी बाइक सीधे सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई, जिससे दोनों को गहरी चोटें आईं।
मौके पर प्राथमिक उपचार देकर भेजा सिविल अस्पताल, सरपंच के जरिए परिजनों को दी सूचना
इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि एसएसएफ की टीम ने मौके पर पहुंचते ही दोनों घायलों को तुरंत प्राथमिक सहायता (फर्स्ट एड) दी और तत्काल 108 एंबुलेंस तथा नेशनल हाईवे की एंबुलेंस को घटनास्थल पर बुलाया गया। इसके बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल फगवाड़ा में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, घायलों के पास से बरामद पहचान पत्रों के आधार पर उनकी शिनाख्त की गई और उनके गांव के सरपंच के माध्यम से परिवार वालों से संपर्क साधकर उन्हें सिविल अस्पताल फगवाड़ा पहुंचने के लिए सूचित कर दिया गया है।




On the Goraya National Highway, a motorcycle went out of control and crashed into a railing




