You are currently viewing जालंधर में गुंडागर्दी: पुरानी रंजिश में घर पर ईंटों से हमला, मच गई चीख-पुकार; राजीनामे के लिए परिवार को धमकाने का आरोप

जालंधर में गुंडागर्दी: पुरानी रंजिश में घर पर ईंटों से हमला, मच गई चीख-पुकार; राजीनामे के लिए परिवार को धमकाने का आरोप

जालंधर: महानगर के न्यू रसीला नगर स्थित बस्ती दानिशमंदा में देर रात उस वक्त अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब कुछ युवकों ने एक घर को निशाना बनाते हुए अचानक ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हमले के वक्त पीड़ित परिवार घर के भीतर ही मौजूद था, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है और हमलावर पिछले कई महीनों से उन पर पुराने केस में जबरन समझौता (राजीनामा) करने का दबाव बना रहे हैं।

पीड़ित परिवार ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि रात के समय वे सभी घर के अंदर बैठे थे, तभी पिछली गली में रहने वाले रज्जू और आकाश अपने कुछ अन्य साथियों के साथ वहां आ धमके। आरोप है कि इन युवकों ने आते ही घर पर ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं और जमकर तोड़फोड़ की। हमले के दौरान घर में छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जो पत्थराव देखकर बुरी तरह सहम गए। पीड़ितों के मुताबिक, आरोपी खुद को इलाके का गुंडा बताते हैं और अक्सर उन्हें डराते-धमकाते रहते हैं। उनका कहना है कि आरोपियों का मुख्य मकसद पुराने पुलिस केस को वापस लेने के लिए दबाव बनाना है।

इस रंजिश की असल वजह बताते हुए परिवार ने खुलासा किया कि कुछ महीने पहले इन्हीं आरोपियों ने उनके घर के एक युवक से पैसे मांगे थे, शराब पी और फिर उसके साथ मारपीट कर उसकी मोटरसाइकिल भी तोड़ दी थी। उस वक्त युवक ने डर के मारे घर पर कुछ नहीं बताया था, लेकिन जब मामला खुला तो परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। उस मामले में आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, लेकिन अब वे जेल से बाहर आते ही उस केस को रफा-दफा करने और राजीनामा लिखवाने के लिए गुंडागर्दी पर उतर आए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। थाना नंबर 5 से ड्यूटी ऑफिसर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर बिखरी ईंटों और तोड़फोड़ का मुआयना किया। उधर, पीड़ित परिवार इस बात से खौफजदा है कि आरोपी अभी भी बाहर खुलेआम घूम रहे हैं और भविष्य में उन्हें फिर से नुकसान पहुंचा सकते हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने परिवार को आश्वस्त किया है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और कानून हाथ में लेने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Thuggery in Jalandhar: House attacked with bricks due to old rivalry, causing chaos and panic