जालंधर: जालंधर शहर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के तीन नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन हरकत में आया और अभिभावकों को फोन करके इसकी सूचना दी। प्रबंधन ने पेरेंट्स से बच्चों को घर ले जाने का आग्रह किया, जिसके बाद अभिभावक अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूलों की ओर दौड़ पड़े।
जिन स्कूलों को यह धमकी मिली है, उनमें केएमवी (KMV), सेंट जोसेफ (St. Joseph’s), और आईवी वर्ल्ड स्कूल (IV World School) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा कॉल केएमवी स्कूल की प्रिंसिपल को मिला। इस सूचना के मिलते ही कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में कॉलेज/स्कूल को खाली करवाया गया।
फिलहाल, जालंधर पुलिस ने बम की धमकी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनज़र स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है और बच्चों को उनके घरों को भेजा जा रहा है। धमकी की गंभीरता को देखते हुए प्रिंसिपल ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले अमृतसर के स्कूलों को भी इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। पुलिस इस घटना के पीछे के स्रोत और कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

Three prominent schools in Jalandhar received bomb threats; the principals received threatening calls




