You are currently viewing जालंधर में पुलिस की नाक के नीचे चोरी: नाके पर कटते रहे चालान, इधर चंद सेकंड में बाइक ले उड़ा चोर; CCTV में कैद वारदात

जालंधर में पुलिस की नाक के नीचे चोरी: नाके पर कटते रहे चालान, इधर चंद सेकंड में बाइक ले उड़ा चोर; CCTV में कैद वारदात

जालंधर: जालंधर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब शहर के सबसे व्यस्त इलाके भी सुरक्षित नहीं रहे। ताजा मामला शहर की मशहूर दिलकुशा मार्केट का है, जहां दवाई लेने आए एक युवक की बाइक चोर चंद सेकंड में चोरी कर ले गया। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से कुछ ही कदमों की दूरी पर पुलिस नाका मौजूद था, लेकिन चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो गया।

पीड़ित माधव शर्मा ने बताया कि वह दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी बाइक (PB 08 BU 0975) पार्क करके मार्केट में दवाई लेने गए थे। जब वह 3 बजे वापस लौटे, तो बाइक गायब थी।

उन्होंने तुरंत आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। फुटेज में दिखा कि एक युवक, जिसने मुंह पर रुमाल बांधा हुआ था और काला चश्मा लगा रखा था, बाइक के पास आया। उसने जेब से चाबी निकाली, बाइक में लगाई और बड़ी आसानी से कुछ ही सेकंड में बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया।

इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस जगह से बाइक चोरी हुई, वहां से थोड़ी ही दूर भगवान वाल्मीकि चौक पर पुलिस अक्सर नाका लगाकर चालान काटने में व्यस्त रहती है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस का सारा जोर चालान काटने पर है, जबकि चोर खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

दिलकुशा मार्केट के दुकानदारों के अनुसार, यहाँ वाहन चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार यहाँ से दोपहिया वाहन चोरी हो चुके हैं। कुछ मामलों में लोगों ने चोरों को रंगे हाथों पकड़ा भी है, लेकिन पुलिस की गश्त और सख्ती की कमी के कारण चोरों में कोई डर नहीं है।

फिलहाल, पीड़ित ने थाना नंबर 4 की पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Theft right under the nose