You are currently viewing जालंधर: मेयर के आश्वासन पर 2 घंटे बाद खत्म हुआ सफाई कर्मचारियों का धरना, 1 दिसंबर तक टला 143 करोड़ का टेंडर

जालंधर: मेयर के आश्वासन पर 2 घंटे बाद खत्म हुआ सफाई कर्मचारियों का धरना, 1 दिसंबर तक टला 143 करोड़ का टेंडर

जालंधर: जालंधर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा ठेका सिस्टम के विरोध में किया जा रहा प्रदर्शन मेयर के दखल के बाद शांत हो गया है। आज शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में मेयर हाउस के बाहर कर्मचारियों ने करीब दो घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए जालंधर के मेयर विनीत धीर खुद प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और उन्हें भरोसा दिलाया। मेयर ने आश्वासन दिया कि विवादित टेंडर को 1 दिसंबर तक के लिए स्थगित (पोस्टपोन) कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने वादा किया कि कर्मचारियों की समस्याओं को पंजाब सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। मेयर के इस आश्वासन के बाद यूनियन ने अपना धरना फिलहाल खत्म कर दिया है।

दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण मॉडल टाउन और आसपास के इलाकों में आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। चूंकि यह धरना मेयर हाउस के बाहर मेन चौक पर लगा था, इसलिए ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई और लोगों को जाम से जूझना पड़ा। हालांकि, मेयर की घोषणा के बाद रास्ता साफ हो सका। कर्मचारी यूनियन के सदस्य सन्नी सहोता ने बताया कि पंजाब सरकार आज सफाई व्यवस्था के लिए 143 करोड़ रुपये का टेंडर खोलने जा रही थी। उनका आरोप है कि यह कदम कर्मचारियों के रोजगार पर सीधा हमला है। निजी कंपनियों के जरिए पुराने कर्मचारियों की जगह 10-10 हजार रुपये की नौकरी देने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यूनियन ने स्पष्ट किया है कि कल श्री गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस है, जिसके सम्मान में आज केवल एक दिन की सांकेतिक हड़ताल की गई थी। यूनियन ने अब आर-पार की लड़ाई के लिए 28 नवंबर की तारीख तय की है। इस दिन जालंधर नगर निगम ऑफिस में एक राज्य स्तरीय मीटिंग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पंजाब भर की यूनियनों को बुलाया गया है। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो 28 तारीख की मीटिंग के बाद पूरे पंजाब में एक निश्चित दिन से ‘अनिश्चितकालीन हड़ताल’ और उग्र प्रदर्शन का ऐलान कर दिया जाएगा।

The protest of sanitation workers ended after 2 hours on the assurance of the Mayor.