जालंधर: लैदर कॉम्प्लेक्स स्थित एक बैट फैक्ट्री में काम करने वाले 45 वर्षीय वर्कर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान तरुण कुमार के रूप में हुई है, जो करीब छह महीने पहले ही इस फैक्ट्री में काम पर लगा था। घटना के बाद से ही मामला गहराता जा रहा है क्योंकि फैक्ट्री प्रबंधन का कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति रात तक अस्पताल नहीं पहुंचा और मृतक के शव से पेंट भी गायब मिली है।
परिजनों के मुताबिक घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है, लेकिन उन्हें इसकी सूचना रात 9 बजे दी गई। तरुण की मां के पास एक अनजान नंबर से फोन आया कि उनके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है और उसे सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा है। खबर मिलते ही बदहवास परिवार जब सिविल अस्पताल पहुंचा, तो वहां का मंजर देखकर हैरान रह गया। वहां डॉक्टरों ने तरुण को मृत घोषित कर दिया था, लेकिन शव को अस्पताल लाने वाले लोग वहां से गायब हो चुके थे।
परिवार के साथ अस्पताल पहुंचे राजेश भगत ने बताया कि तरुण को एक ऑटो चालक और फैक्ट्री का एक अन्य कर्मचारी अस्पताल लेकर आए थे। हालांकि, जैसे ही परिवार वहां पहुंचा, वे दोनों वहां से जा चुके थे। बाद में जब उस मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो किसी ने फोन नहीं उठाया। परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में उन्हें शव तक नहीं देखने दिया गया। जब उन्होंने शव देखा तो वह सफेद कपड़े में लिपटा था और उस पर चोट का कोई भी निशान नहीं था, जिससे एक्सीडेंट की बात पर गहरा संदेह पैदा होता है।
मामले में शक की सबसे बड़ी वजह यह है कि मृतक तरुण के शरीर पर पेंट नहीं थी और शरीर पर चोट के निशान न होने से मौत का कारण रहस्यमयी बना हुआ है। परिजनों ने मामले की सूचना बस्ती बावा खेल पुलिस थाने को दे दी है। परिवार ने पुलिस से मांग की है कि फैक्ट्री के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जाएं ताकि तरुण की मौत की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Suspicious death of a bat factory worker in Jalandhar: Family was told it was an accident, but when they reached the hospital




