You are currently viewing जालंधर में खौफनाक रात: दीवार फांदकर घर में घुसे 6 हमलावर, सो रहे परिवार पर तलवारों से किया हमला; महिला की हालत गंभीर; पूरे इलाके में फैली दहशत

जालंधर में खौफनाक रात: दीवार फांदकर घर में घुसे 6 हमलावर, सो रहे परिवार पर तलवारों से किया हमला; महिला की हालत गंभीर; पूरे इलाके में फैली दहशत

जालंधर: जालंधर के अलावलपुर कस्बे में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बेखौफ बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए सो रहे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए करीब 6 हमलावरों ने तेजधार हथियारों से परिवार के सदस्यों को बुरी तरह काट डाला। इस खूनी खेल में एक महिला समेत परिवार के 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

रात 2 बजे दीवार फांदकर आए थे हमलावर घटना मोहल्ला रामगढिय़ा की है। पीड़ितों और पड़ोसियों के मुताबिक, वारदात मंगलवार रात करीब 2 बजे हुई। घर के मुखिया परमजीत, उनकी पत्नी राजेंद्र कौर और बेटे गौरव कुमार व विक्की कुमार गहरी नींद में सो रहे थे। तभी हाथों में तेजधार हथियार लिए 6 अज्ञात हमलावर दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए।

अचानक हुई आहट से परिवार के सदस्यों की नींद खुल गई। जब वे देखने के लिए उठे कि कौन है, तो हमलावरों ने उन्हें संभलने का मौका दिए बिना उन पर हथियारों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।

10 मिनट तक चला तांडव, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी हमलावरों ने महज 10 मिनट के भीतर पूरे परिवार को लहुलुहान कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक पड़ोसी मदद के लिए दौड़े, हमलावर वहां से फरार हो गए। हमलावरों की यह करतूत पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में हमलावरों के हाथों में नंगी तलवारें और तेजधार हथियार साफ दिखाई दे रहे हैं।

महिला की हालत नाजुक, पुरानी रंजिश का शक पड़ोसियों ने खून से लथपथ परमजीत, उनकी पत्नी राजेंद्र कौर और दोनों बेटों को तुरंत आदमपुर के सिविल अस्पताल पहुँचाया। वहां डॉक्टरों ने राजेंद्र कौर की हालत को बेहद गंभीर देखते हुए उन्हें जालंधर के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही अलावलपुर पुलिस चौकी के इंचार्ज परमजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला लूट का न होकर किसी पुरानी निजी रंजिश (दुश्मनी) का लग रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि हमलावरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Six attackers scaled a wall and entered a house in Jalandhar attacking a sleeping family