वुडस्टाक: कनाडा में एक बार फिर भारतीयों के खिलाफ नस्लीय नफरत का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के वुडस्टाक शहर में एक स्थानीय कनाडाई युवक ने घर के बाहर टहल रहे एक पंजाबी बुजुर्ग के साथ सरेआम बदसलूकी की। सिरफिरे युवक ने बुजुर्ग को न सिर्फ धक्के मारे, बल्कि नस्लीय टिप्पणियां करते हुए उन्हें कनाडा छोड़कर वापस पंजाब जाने को कहा। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने वहां रह रहे सिख समुदाय में भारी रोष पैदा कर दिया है।
मास्क पहने युवक ने किया उकसाने का प्रयास
जानकारी के मुताबिक, यह निंदनीय घटना शुक्रवार को वुडस्टाक इलाके में हुई। बुजुर्ग अपने घर के बाहर आराम से घूम रहे थे, तभी चेहरे पर मास्क लगाए एक स्थानीय युवक वहां आ धमका। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि यह युवक बुजुर्ग को बिना किसी वजह के उकसाने की कोशिश कर रहा है। उसने बुजुर्ग पर भद्दी और नस्लीय टिप्पणियां करते हुए पूछा कि ‘तुम मेरे देश में क्या कर रहे हो?’ और उन्हें तुरंत वापस अपने देश लौट जाने की धमकियां दीं।

राहगीरों ने दिखाई फुर्ती, पुलिस ने जमीन पर पटक कर किया गिरफ्तार
बुजुर्ग के साथ हो रही इस बदसलूकी को देखकर वहां मौजूद अन्य लोग तुरंत हरकत में आ गए। उन्होंने बिना समय गंवाए पुलिस को इस मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही वुडस्टाक पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को जमीन पर गिराकर तुरंत गिरफ्तार कर लिया। वुडस्टाक पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक ने यह हरकत अपनी मर्जी से की है और इसके पीछे फिलहाल किसी ग्रुप या शरारती तत्व का हाथ नहीं लग रहा है। हालांकि, वहां मौजूद सिख समुदाय इस घटना को कनाडा में लगातार बढ़ रहे ‘एंटी-सिख हेट क्राइम’ का हिस्सा मान रहा है और लोगों में इस बात को लेकर गहरी चिंता है।
कानूनी प्रक्रिया के चलते दोनों की पहचान रखी गई गुप्त
इस पूरे मामले पर वुडस्टाक पुलिस के प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए कहा है कि आरोपी को गिरफ्तार कर गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। कनाडाई कानून की सख्त प्रक्रिया का हवाला देते हुए पुलिस ने फिलहाल आरोपी युवक और पीड़ित पंजाबी बुजुर्ग की पहचान उजागर करने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि जब तक इस मामले की पूरी जांच मुकम्मल नहीं हो जाती, तब तक किसी भी तरह की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती। वहीं, इस घटना को लेकर अभी तक पीड़ित बुजुर्ग के परिवार की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Shameful Treatment of Elderly Punjabi Man in Canada: Publicly Shoved and Told to “Go Back to Your Own Country








