चंडीगढ़: अपनी पर्सनल लाइफ और परिवार को हमेशा दुनिया की नजरों से छिपाकर रखने वाले ग्लोबल स्टार और जालंधर के गांव दोसांझ कलां के रहने वाले मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने अपने फैंस को एक बड़ा सरप्राइज दिया है। कनाडा में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी मां सुखविंदर कौर का चेहरा दुनिया को दिखाया। शो के बीच में दिलजीत खुद अपनी मां को स्टेज पर लेकर आए और लाखों की भीड़ के सामने फख्र से बताया कि ‘ये मेरी मां हैं।’
‘मैं आज जो कुछ भी हूं, इन्हीं की बदौलत हूं’
कनाडा के इस कॉन्सर्ट के दौरान जब दिलजीत अपनी मां को स्टेज पर लेकर पहुंचे, तो वहां मौजूद दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया। फैंस ने तालियों और हूटिंग के साथ इस खास पल का स्वागत किया। अपनी कामयाबी का पूरा श्रेय मां को देते हुए दिलजीत ने भरे मंच से कहा कि वे आज जिंदगी के जिस भी मुकाम पर पहुंचे हैं, वो सिर्फ और सिर्फ अपनी मां की वजह से हैं। हमेशा अपनी फैमिली लाइफ को सीक्रेट रखने वाले दिलजीत के इस अंदाज ने फैंस का दिल जीत लिया। बेटे का लाइव शो देखने पहुंचीं सुखविंदर कौर के चेहरे पर भी अपने बेटे की इस अपार सफलता को लेकर गर्व साफ झलक रहा था।
स्टेज पर ही मां ने लगाया गले, दिया आशीर्वाद
यह खूबसूरत पल सिर्फ दिलजीत के लिए ही नहीं, बल्कि वहां मौजूद हर एक दर्शक के लिए बेहद भावुक करने वाला था। स्टेज पर आते ही दिलजीत ने बेहद प्यार से अपनी मां से हाथ मिलाया, उन्हें कसकर गले लगाया और उनका आशीर्वाद मांगा। मां ने भी अपने सुपरस्टार बेटे को प्यार से सीने से लगाया, उसकी पीठ थपथपाई और फिर मुस्कुराते हुए वहां से चली गईं। सोशल मीडिया पर अब मां-बेटे के इस अनमोल और भावुक कर देने वाले पल की जमकर चर्चा हो रही है।

Diljit Dosanjh reveals his mother’s face to the world for the first time; does something on stage








