You are currently viewing नई गाड़ी की खुशी मनाने गोल्डन टेंपल पहुंचे परिवार से पुलिस की शर्मनाक लूट, ‘चाय-पानी’ के बचे 500 रुपये भी छीने, ADCP ने लिया बड़ा एक्शन

नई गाड़ी की खुशी मनाने गोल्डन टेंपल पहुंचे परिवार से पुलिस की शर्मनाक लूट, ‘चाय-पानी’ के बचे 500 रुपये भी छीने, ADCP ने लिया बड़ा एक्शन

अमृतसर: अमृतसर के स्वर्ण मंदिर (गोल्डन टेंपल) में नई गाड़ी लेने की खुशी में माथा टेकने आए एक श्रद्धालु परिवार के साथ पुलिस की शर्मनाक हरकत का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राम तलाई चौक पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर न सिर्फ भारी-भरकम चालान का डर दिखाया, बल्कि उनके पास बचे चंद रुपये भी छीन लिए। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सीधे मुख्यमंत्री भगवंत मान से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, मामले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन में आ गया है और आरोपी पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है।

दस्तावेज दिखाने के बाद भी दी गई 5-5 हजार के चालान की धमकी

थोबा गांव का रहने वाला यह परिवार अपनी नई गाड़ी के लिए गुरु घर का आशीर्वाद लेने आया था। दर्शन के बाद जब वे खुशी-खुशी वापस लौट रहे थे, तभी राम तलाई चौक के पास एक बोलेरो गाड़ी से आए दो पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया। पुलिसकर्मियों ने उनसे गाड़ी के कागजात मांगे। परिवार का कहना है कि उन्होंने पूरा सहयोग करते हुए सभी जरूरी दस्तावेज दिखाए, लेकिन इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि पुलिस वालों ने कहा कि उनके 5 से 6 चालान बनते हैं और हर चालान कम से कम 5,000 रुपये का होगा।

खौफजदा परिवार से छीने चाय-पानी के आखिरी पैसे

हजारों रुपये के चालान की बात सुनकर परिवार बुरी तरह घबरा गया। पीड़ित परिवार के मुताबिक, उनके पास सफर के दौरान चाय-पानी और खाने के लिए सिर्फ 500 रुपये ही बचे थे। आरोप है कि खाकी के रौब में इन पुलिसकर्मियों ने उनके वे 500 रुपये भी छीन लिए। परिवार ने नाके पर हुई पुलिस की इस पूरी कार्रवाई को बेहद अन्यायपूर्ण और दुखद बताया है। उनका कहना है कि वे एक सिख परिवार हैं और पूरी श्रद्धा के साथ गुरुद्वारा साहिब आए थे, लेकिन उनके साथ रास्ते में ऐसा व्यवहार बेहद पीड़ादायक है।

CM भगवंत मान से लगाई सख्त कार्रवाई की गुहार

इस घटना से आहत पीड़ित परिवार ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से हाथ जोड़कर अपील की है। उन्होंने मांग की है कि गुरु नगरी में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ऐसी शर्मनाक हरकत करने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और श्रद्धालु को इस तरह परेशान न होना पड़े।

वीडियो वायरल होने पर एक्शन में अधिकारी, आरोपी सस्पेंड

पुलिसकर्मियों की इस दबंगई का वीडियो वायरल होने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर ने तुरंत एक्शन लिया है। उन्होंने बताया कि थोबा गांव के परिवार द्वारा पुलिस पर लगाए गए गंभीर आरोपों वाला वीडियो उनके संज्ञान में आया है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिस कर्मचारी को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं और तथ्यों की पुष्टि होने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Police Commit Shameful Robbery Against Family Visiting Golden Temple to Celebrate New Car