You are currently viewing कनाडा में पंजाब की बेटी की रहस्यमयी मौत, पार्क की बेंच पर बैठी थी अनमोल… और अचानक थम गईं सांसें

कनाडा में पंजाब की बेटी की रहस्यमयी मौत, पार्क की बेंच पर बैठी थी अनमोल… और अचानक थम गईं सांसें

लुधियाना: सुनहरे भविष्य के सपने संजोकर कनाडा गई लुधियाना की एक 26 वर्षीय युवती की बेहद रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना कनाडा के ओंटारियो प्रांत की है, जहां एक पार्क की बेंच पर बैठे-बैठे अचानक उसकी सांसें थम गईं। जब वहां मौजूद लोगों ने उसे बेसुध देखकर हिलाया, तो उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। इस दर्दनाक खबर के बाद से युवती के लुधियाना स्थित घर में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके।

रोजाना की तरह सैर करने निकली थी अनमोल

मृतक युवती की पहचान लुधियाना के नई आबादी अकालगढ़ सुधार बाजार की रहने वाली अनमोलदीप कौर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अनमोलदीप ओंटारियो में रहती थी। घटना वाले दिन वह हमेशा की तरह जॉर्जियन कॉलेज बैरी और अपने घर के बीच स्थित एक पार्क में सैर करने के लिए गई थी। इसी दौरान थककर वह पार्क की एक बेंच पर बैठी और वहीं रहस्यमयी तरीके से उसकी मौत हो गई। इस घटना ने वहां रह रहे भारतीय समुदाय को भी सन्न कर दिया है।

वर्क परमिट पर थी अनमोल, पीआर का भी कर रखा था आवेदन

अनमोलदीप के पिता और सेना से रिटायर्ड सूबेदार परमिंदर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी साल 2021 में पढ़ाई के लिए कनाडा गई थी। वहां वह अपनी पढ़ाई के साथ-साथ चाइल्ड केयर का काम भी कर रही थी और फिलहाल वर्क परमिट पर वहां रह रही थी। अपना भविष्य सुरक्षित करने के लिए करीब एक साल पहले ही उसने अपनी स्थायी नागरिकता (पीआर) के लिए भी आवेदन कर दिया था। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही उसकी पीआर की फाइल मंजूर हो जाएगी।

मां को भी कनाडा बुलाने की थी तैयारी, टूट गए सारे सपने

इस खौफनाक घटना ने पूरे परिवार को बुरी तरह झकझोर कर रख दिया है। अनमोलदीप अपनी मां अमरदीप कौर को भी अपने पास कनाडा बुलाने की खुशी-खुशी तैयारी कर रही थी। पिता परमिंदर सिंह ने भरे मन से बताया कि बेटी ने हाल ही में अपनी मां के लिए विजिटर वीजा का आवेदन किया था और उन्हें जल्द ही वीजा मिलने की पूरी उम्मीद भी थी। पूरा परिवार इस बात का बेसब्री से इंतजार कर रहा था कि जल्द ही मां-बेटी की मुलाकात होगी, लेकिन वीजा आने से पहले ही आई अनमोलदीप की मौत की मनहूस खबर ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।

Mysterious Death of ‘Punjab’s Daughter’ in Canada: Anmol Was Sitting on a Park Bench