You are currently viewing ढोलक दिलाने के बहाने मेले से मासूमों को ले गया दरिंदा, 8 साल की बच्ची की खौफनाक हत्या, 6 साल की बहन ने ऐसे बचाई जान

ढोलक दिलाने के बहाने मेले से मासूमों को ले गया दरिंदा, 8 साल की बच्ची की खौफनाक हत्या, 6 साल की बहन ने ऐसे बचाई जान

मोगा: मोगा जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां के लोहारा गांव में लगे एक मेले से एक दरिंदा दो मासूम बहनों को ढोलक दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया और एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने सुनसान ईंट भट्ठे पर ले जाकर 8 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक मंजर को देखकर 6 साल की छोटी बहन किसी तरह अपनी जान बचाकर 3 किलोमीटर दूर अपने घर तक दौड़ी और परिवार को पूरी आपबीती बताई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ढोलक का लालच देकर सुनसान भट्ठे पर ले गया कातिल

जानकारी के मुताबिक, लोहारा गांव में बाबा दामु शाह जी के स्थान पर हर गुरुवार को भारी मेला लगता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। 23 अप्रैल को भी मेला लगा हुआ था, जिसे देखने के लिए दोनों मासूम बहनें पैदल ही अपने घर से निकली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने बच्चियों को अपनी बातों में फंसाया और उन्हें ढोलक दिलाने का झांसा देकर अपनी साइकिल पर बैठा लिया। आरोपी दोनों बच्चियों को मेले से करीब एक किलोमीटर दूर एक सुनसान और बंद पड़े पुराने ईंट भट्ठे पर ले गया।

पेड़ से लटकाई बहन की लाश, खौफ में 3 किलोमीटर दौड़ी मासूम

ईंट भट्ठे पर पहुंचने के बाद आरोपी ने जो किया, वह किसी के भी रोंगटे खड़े कर दे। उसने अपने सिर पर बंधे कपड़े से 8 वर्षीय बच्ची को पेड़ से लटका दिया। यह भयानक नजारा देखकर 6 साल की छोटी बहन गंगा डर के मारे वहीं छिप गई। दरिंदे के वहां से भागने के बाद मासूम गंगा बाहर आई और अपनी बड़ी बहन को पेड़ से नीचे उतारने की कोशिश करने लगी, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। इसके बाद वह खौफजदा बच्ची बदहवास हालत में करीब 3 किलोमीटर पैदल दौड़कर अपने घर पहुंची और माता-पिता को घटना की जानकारी दी। जब परिवार मौके पर पहुंचा, तो अपनी लाडली को पेड़ से लटका देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

यूपी के बरेली का है पीड़ित परिवार, रो-रोकर बुरा हाल

मृतक बच्ची के ताया नरेश कुमार ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला है। वे लोग करीब दो साल पहले लोहारा स्थित इस ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने आए थे। पीड़ित परिवार बेहद गरीब है और मेहनत-मजदूरी करके अपना पेट पालता है। नरेश ने बताया कि उनके भाई सुभाष की बेटी गंगा और दूसरे भाई श्रीपाल की बेटी सुबी मेला देखने गई थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और परिवार ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की गुहार लगाई है।

सीसीटीवी से खुला राज, पुलिस की गिरफ्त में कातिल

घटना की सूचना मिलते ही थाना कोट ईसे खां की पुलिस तुरंत हरकत में आई। डीएसपी धर्मकोट सुखमंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और चंद घंटों के भीतर ही आरोपी की पहचान कर उसे धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 24 वर्षीय मनप्रीत सिंह निवासी गगरा के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह का खुलासा हो सके।

A Monster Lured Innocent Children Away from a Fair Under the Pretext of Buying Them a Dholak