You are currently viewing सुशील रिंकू का बड़ा दावा, पंजाब में AAP के 60% विधायक भाजपा के संपर्क में, सियासी हलकों में मची खलबली

सुशील रिंकू का बड़ा दावा, पंजाब में AAP के 60% विधायक भाजपा के संपर्क में, सियासी हलकों में मची खलबली

जालंधर: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर मची खींचतान के बीच अब एक और बड़ा सियासी भूचाल आने के संकेत मिल रहे हैं। पूर्व सांसद व भाजपा नेता सुशील रिंकू ने एक बेहद सनसनीखेज दावा करके सूबे की राजनीति में खलबली मचा दी है। रिंकू का कहना है कि पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के 60 फीसदी विधायक सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संपर्क में हैं। 

क्या पंजाब में होने वाला है बड़ा तख्तापलट?

एक टीवी इंटरव्यू में सुशील रिंकू ने विधायकों की बगावत को लेकर यह दावा किया है। अगर सुशील रिंकू की बातों में सच्चाई है और सचमुच 60 प्रतिशत विधायक भाजपा नेतृत्व के साथ बातचीत कर रहे हैं, तो इसका सीधा अर्थ यह है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार कभी भी अल्पमत में आ सकती है। इस दावे ने उन अटकलों को और बल दे दिया है कि राज्य में एक बड़ा और अप्रत्याशित राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल सकता है।

नेताओं की दल-बदल से पार्टी में बढ़ा असंतोष

गौरतलब है कि हाल के दिनों में पंजाब में आम आदमी पार्टी को लगातार झटके लग रहे हैं। कई शीर्ष नेताओं और सांसदों के पार्टी से अलग होने और बीजेपी का दामन थामने से पार्टी पहले ही दबाव में है। ऐसे तनावपूर्ण माहौल में सुशील रिंकू का यह बयान आग में घी डालने का काम कर रहा है। इससे यह भी साफ संकेत मिलता है कि पार्टी के भीतर विधायकों में अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर भारी अनिश्चितता और असंतोष है। अब पूरे प्रदेश की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सच में पंजाब में विधायकों का कोई बड़ा धड़ा बगावत करने की तैयारी में है।

Sushil Rinku makes a bold claim: 60% of AAP MLAs in Punjab are in contact with the BJP