You are currently viewing जालंधर में ED दफ्तर के बाहर हंगामा: पास्टर अंकुर नरूला के खिलाफ भड़के निहंग और भाना सिद्धू; विदेशी फंडिंग की जांच की मांग, पुतला फूंका

जालंधर में ED दफ्तर के बाहर हंगामा: पास्टर अंकुर नरूला के खिलाफ भड़के निहंग और भाना सिद्धू; विदेशी फंडिंग की जांच की मांग, पुतला फूंका

जालंधर: जालंधर में बुधवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर के बाहर निहंग सिखों, पंजाब बचाओ मोर्चा और समाजसेवी भाना सिद्धू ने पास्टर अंकुर नरूला और बजिंदर सिंह के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पास्टर नरूला पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनका पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सुरक्षा की दृष्टि से ईडी दफ्तर का गेट बंद कर लिया गया।

प्रदर्शनकारी मार्च निकालते हुए ईडी दफ्तर पहुंचे। पंजाब बचाओ मोर्चा के प्रमुख तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पास्टर अंकुर नरूला के संगठन को विदेशों से भारी फंडिंग मिल रही है, जिसका गलत इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने कहा, यह पैसा धर्म या गरीबों की सेवा के लिए नहीं, बल्कि निजी ऐशो-आराम, महंगी प्रॉपर्टी खरीदने और लग्जरी गाड़ियों पर खर्च किया जा रहा है। हम ईडी से मांग करते हैं कि इसकी गंभीरता से जांच हो। यह भी जांचा जाए कि क्या उनके पास विदेशी फंडिंग स्वीकार करने का वैध लाइसेंस (FCRA) है या नहीं। प्रदर्शनकारियों ने ईडी अधिकारियों को एक मांग पत्र सौंपा, जिसमें नरूला की संपत्तियों और फंडिंग के स्रोत की जांच की मांग की गई है।

प्रदर्शन में शामिल समाजसेवी भाना सिद्धू ने पास्टर नरूला के ‘चमत्कारों’ को पाखंड बताते हुए खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा, दो दिन पहले मैंने अपने गांव में कैंसर जांच कैंप लगाया था, जहां बड़ी संख्या में मरीज मिले। अगर पास्टर नरूला में सच में इलाज करने की दैवीय शक्ति है, तो मैं उन मरीजों को उनके पास लेकर आता हूं, वे उन्हें ठीक करके दिखाएं। अगर ऐसा नहीं कर सकते, तो धर्म के नाम पर यह ड्रामा बंद होना चाहिए। हमारी लड़ाई किसी धर्म से नहीं, बल्कि पाखंडवाद से है।

भाना सिद्धू ने चेतावनी देते हुए कहा कि 20 तारीख के बाद सिखों का शहीदी सप्ताह शुरू हो रहा है। कुछ पास्टर और उनके समर्थक धार्मिक शोभायात्राओं में डीजे बजाकर और शोर-शराबा कर पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि शहीदी सप्ताह के दौरान अगर उनके इलाके में डीजे के साथ ऐसी शोभायात्रा निकाली गई, तो उसका कड़ा विरोध किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने अल्टीमेटम दिया है कि अगर ईडी ने पास्टर नरूला की फंडिंग की जांच जल्द शुरू नहीं की, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगे।

Ruckus outside ED office in Jalandhar: Nihangs and Bhana Sidhu rage against Pastor Ankur Narula