You are currently viewing जालंधर में बेखौफ चोर: मॉडल टाउन के कॉफी हाउस में सुबह 7 बजे वारदात, 5 मिनट में साफ किया गल्ला; CCTV में कैद हुई पूरी घटना

जालंधर में बेखौफ चोर: मॉडल टाउन के कॉफी हाउस में सुबह 7 बजे वारदात, 5 मिनट में साफ किया गल्ला; CCTV में कैद हुई पूरी घटना

जालंधर: जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित ‘टैन कॉफी’ में गुरुवार सुबह चोरों ने धावा बोल दिया। सुबह-सुबह हुई इस वारदात में चोर करीब 40 हजार रुपये की नकदी और सामान लेकर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर बड़े इत्मीनान से गल्ला तोड़ता और पैसे समेटता हुआ नजर आ रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

साथ वाली इमारत से तीसरी मंजिल के रास्ते घुसा चोर

सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोर कॉफी शॉप के साथ बन रही एक निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल से दुकान के अंदर दाखिल हुआ। सुबह 7 बजकर 55 मिनट पर काले कपड़े पहने और टोपी से चेहरा ढके एक युवक दुकान में घुसता है। अंदर आते ही उसने सबसे पहले काउंटर के दराजों को खंगालना शुरू किया। शुरुआत में फाइलों और डायरियों के अलावा उसके हाथ कुछ नहीं लगा, लेकिन चोर ने हार नहीं मानी और वह लगातार कीमती सामान की तलाश करता रहा।

देखें VIDEO-

पूजा के स्थान से रुमाल उठाकर बांधी नकदी

करीब डेढ़ मिनट की मशक्कत के बाद चोर की नजर पैसों वाले गल्ले पर पड़ी। उसने बड़ी आसानी से गल्ला तोड़ा और नोटों को निकालकर काउंटर पर ढेर लगा दिया। चोर की बेखौफी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नोटों को ले जाने के लिए वह दुकान में बने पूजा स्थल से लाल रंग का रुमाल उठा लाया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि उसने इत्मीनान से सारे नोट उस रुमाल में रखे, नीचे गिरे पैसों को उठाया और यहां तक कि चिल्लर भी उसी पोटली में बांधकर अपने पास रख लिया।

चम्मच से गल्ला खोलने की कोशिश, नहीं खुला तो साथ ले गया

नकद पैसे समेटने के बाद भी चोर का मन नहीं भरा। उसने ऑनलाइन पेमेंट वाली कंप्यूटराइज्ड मशीन के गल्ले को भी खोलने की कोशिश की, लेकिन उसे चाभी या कोई नुकीली चीज नहीं मिली। इसके बाद उसने कंप्यूटर की तारें तोड़कर गल्ले को घसीटते हुए किचन की तरफ ले गया। वहां उसने एक चम्मच की मदद से उसे खोलने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं खुला, तो वह उसे अपने साथ ही ले गया। दुकान के अंदर करीब 5 मिनट तक पूरी तसल्ली से हाथ साफ करने के बाद वह वहां से फरार हो गया।

दुकानदारों में रोष, गश्त बढ़ाने की मांग

घटना का पता तब चला जब सुबह करीब 10 बजे मालिक दुकान पर पहुंचा। दुकानदार का दावा है कि चोर करीब 40 हजार रुपये ले गया है। वहीं, सुबह के वक्त हुई इस चोरी से इलाके के अन्य दुकानदारों में भी भारी रोष है। व्यापारियों का कहना है कि सर्दियों और धुंध के मौसम में दुकानें देर से खुलती हैं और सूनेपन का फायदा अपराधी उठा रहे हैं। दुकानदारों ने पुलिस से अपील की है कि सुबह और रात के समय इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि ऐसी वारदातों पर लगाम लग सके।

Robbery at a coffee house in Model Town at 7 AM, cash register emptied in 5 minutes; the entire incident was captured on CCTV