You are currently viewing पंजाब में ‘रॉबिन हुड’ डॉग का कारनामा: चाय पी रहे युवक का पर्स लेकर भागा कुत्ता; 5 हजार कैश लेकर हुआ रफूचक्कर, पुलिस तलाश में जुटी

पंजाब में ‘रॉबिन हुड’ डॉग का कारनामा: चाय पी रहे युवक का पर्स लेकर भागा कुत्ता; 5 हजार कैश लेकर हुआ रफूचक्कर, पुलिस तलाश में जुटी

अमृतसर: अमृतसर में चोरी का एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप हैरान भी होंगे और आपको हंसी भी आएगी। यहां लॉरेंस रोड पर चाय की चुस्कियां ले रहे एक युवक का पर्स कोई पेशेवर चोर नहीं, बल्कि एक आवारा कुत्ता चुरा ले गया। पर्स में 5-6 हजार रुपये कैश और जरूरी डॉक्यूमेंट्स थे। फिलहाल, पुलिस और पीड़ित युवक ‘चार पैरों वाले चोर’ की तलाश में जुटे हैं।

यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कुत्ता बेहद शांत और सामान्य तरीके से दुकान के आसपास टहल रहा था। उसे देखकर किसी को शक नहीं हुआ। लेकिन जैसे ही उसकी नजर कुर्सी पर रखे पर्स पर पड़ी और उसने देखा कि युवक का ध्यान दूसरी तरफ है, उसने पलक झपकते ही पर्स को मुंह में दबाया और वहां से सरपट भाग निकला।

शुरुआत में युवक को समझ ही नहीं आया कि उसका पर्स अचानक कहां गायब हो गया। जब काफी ढूंढने पर भी पर्स नहीं मिला, तो दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज चेक की। फुटेज देखते ही सबके होश उड़ गए, क्योंकि असली मुजरिम वह कुत्ता निकला। पीड़ित ने तुरंत पास मौजूद पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी। अब पुलिस इलाके में कुत्ते की तलाश कर रही है ताकि दस्तावेज और पैसे बरामद किए जा सकें।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने मजे लेने शुरू कर दिए हैं। इंटरनेट यूजर्स इस अनोखी चोरी पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। कोई इसे “अंडरकवर गैंग का ट्रेनी” बता रहा है, तो कोई इसे “अमृतसर का रॉबिन हुड डॉग” कह रहा है। बहरहाल, इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। 

Punjab’s ‘Robin Hood’ dog’s exploits: Dog steals tea bag from young man, makes off with 5,000 rupees in cash