You are currently viewing जालंधर में 7 नकाबपोश लुटेरों का तांडव, कोठी में महिला को बंधक बना मुंह पर बांधी पट्टी; 22 तोले सोना और 5 लाख कैश लूटकर फरार

जालंधर में 7 नकाबपोश लुटेरों का तांडव, कोठी में महिला को बंधक बना मुंह पर बांधी पट्टी; 22 तोले सोना और 5 लाख कैश लूटकर फरार

जालंधर: जालंधर-पठानकोट हाईवे पर स्थित गांव राऊवाली में देर रात हथियारों से लैस करीब 7 नकाबपोश लुटेरों ने एक आलीशान कोठी को निशाना बनाकर सनसनीखेज डकैती को अंजाम दिया। लुटेरों ने घर के भीतर अकेली महिला को दबोचकर उसके हाथ-पैर और मुंह पर टेप व कपड़ा बांध दिया। इसके बाद अलमारियों के ताले तोड़कर 22 तोले सोने के जेवरात और 5 लाख रुपये की नकदी समेटकर फरार हो गए। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें लाठी-डंडों से लैस बदमाश दीवार फांदते साफ नजर आ रहे हैं।

पहली कोठी में शोर मचा तो दूसरी में बोला धावा
जानकारी के अनुसार, गिरोह ने इस वारदात से करीब एक घंटा पहले इसी इलाके की एक अन्य कोठी में सेंध लगाने की कोशिश की थी। वहां मौजूद प्रवासियों ने आहट होते ही शोर मचा दिया, जिसके चलते बदमाश वहां से दुम दबाकर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही शातिर लुटेरों ने पास ही स्थित दूसरी कोठी को अपना निशाना बना लिया और चारदीवारी फांदकर अंदर घुस गए।

मुंह पर बांधी पट्टी, कमरों को खंगालकर बिखेरा सामान
कोठी में दाखिल होते ही लुटेरों ने वहां मौजूद अकेली महिला को काबू कर लिया। महिला के शोर मचाने के डर से बदमाशों ने बेरहमी से उसके हाथ बांध दिए और मुंह पर पट्टी चिपका दी। इसके बाद बेखौफ लुटेरों ने पूरे घर को खंगालना शुरू कर दिया। मुख्य बेडरूम में रखी गोदरेज अलमारी के लॉक तोड़कर 22 तोले के कीमती सोने के आभूषण और 5 लाख रुपये कैश निकाल लिए। जाते-जाते बदमाश घर का सारा सामान इधर-उधर बिखेर गए और महिला को बंधक हालत में ही छोड़कर चंपत हो गए।

सीसीटीवी में लाठी-डंडे लिए दीवार फांदते दिखे बदमाश
वारदात के बाद बदहवास महिला ने किसी तरह खुद को छुड़ाया और शोर मचाकर आसपास के लोगों व पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही थाना मकसूदां की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से लैस करीब 7 संदिग्ध दीवार फांदकर कोठी में दाखिल होते और वारदात के बाद भागते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की पहचान, नाकेबंदी कर तलाश तेज
मकसूदां पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट और बंधक बनाने की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों घरों में हुई घटनाओं की कड़ियां आपस में जुड़ी हुई हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस कमिश्नरेट की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के भागने के रूट को ट्रैक कर रही हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Rampage by 7 masked robbers in Jalandhar: Woman held hostage in bungalow and gagged; gang flees with 22 tolas of gold