You are currently viewing AGTF और CIA के साथ मुठभेड़ में गैंगस्टर कश्मीर पुंगी ढेर, पुलिस टीम और 3 साल की मासूम पर की थी फायरिंग; साथी भी जख्मी

AGTF और CIA के साथ मुठभेड़ में गैंगस्टर कश्मीर पुंगी ढेर, पुलिस टीम और 3 साल की मासूम पर की थी फायरिंग; साथी भी जख्मी

तरनतारन: पंजाब के तरनतारन जिले में बेखौफ घूम रहे बदमाशों पर एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और सीआईए (CIA) स्टाफ ने बड़ा प्रहार किया है। मोहल्ला मुरादपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश कश्मीर सिंह उर्फ ‘पुंगी’ मारा गया, जबकि उसका एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद कर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है।

पुलिस टीम और 3 साल की मासूम पर की थी फायरिंग
डीआईजी फिरोजपुर रेंज स्नेहदीप शर्मा और एसपी (इन्वेस्टिगेशन) रिपुदमन सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि मारा गया बदमाश कश्मीर पुंगी मुरादपुर का ही रहने वाला था और पुलिस टीम पर लगातार दो बार जानलेवा हमले कर चुका था। पहली वारदात में उसने थाना सिटी तरनतारन के एएसआई बलदेव सिंह पर गोलियां चलाई थीं, जिससे उनके हाथ में गोली लगी थी और पुंगी अपने साथी सहित फरार होने में कामयाब रहा था।

इसके बाद जब पुलिस को उसके दोबारा मुरादपुर में छिपे होने की खबर मिली, तो घेराबंदी के दौरान उसने फिर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी के चेहरे पर गोली लगी, जबकि पास में ही खेल रही एक 3 साल की बेकसूर बच्ची भी छर्रे लगने से घायल हो गई थी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से ही पुलिस की कई स्पेशल टीमें उसकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटी थीं।

अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम, साथी की हालत नाजुक
सोमवार को जैसे ही पुंगी की सटीक लोकेशन मुरादपुर में कन्फर्म हुई, एजीटीएफ और तरनतारन सीआईए स्टाफ ने साझा ऑपरेशन शुरू किया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने एक बार फिर पुलिस पर गोलियां बरसाईं, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। क्रॉस-फायरिंग में पुंगी और उसका साथी गुरसेवक सिंह गोलियां लगने से लहूलुहान होकर गिर पड़े।

पुलिस ने तुरंत दोनों को काबू कर स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कश्मीर सिंह उर्फ पुंगी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी गुरसेवक सिंह का कड़े पुलिस पहरे के बीच इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Gangster Kashmir Pungi killed in encounter with AGTF and CIA; he had opened fire on a police team