You are currently viewing पंजाबी सिंगर के घर पर फायरिंग करने वाले 3 शूटर गिरफ्तार, आधी रात को बरसाई थीं गोलियां; वीडियो भी बनाया

पंजाबी सिंगर के घर पर फायरिंग करने वाले 3 शूटर गिरफ्तार, आधी रात को बरसाई थीं गोलियां; वीडियो भी बनाया

बरनाला: पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक आवास पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में बरनाला पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले तीनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए तीनों आरोपी पंजाब के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और वारदात वाली रात वे एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर हमला करने पहुंचे थे।

दोपहर 1 बजे DIG कुलदीप चहल करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला पुलिस के आला अधिकारी अभी तक नाम उजागर करने से बच रहे हैं। हालांकि, उच्चाधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी और साजिश के पीछे के मुख्य मास्टरमाइंड का खुलासा आज दोपहर 1:00 बजे एसएसपी बरनाला के प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा। इस दौरान पटियाला रेंज के डीआईजी कुलदीप सिंह चहल विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। डीआईजी मीडिया के सामने तीनों आरोपियों को पेश कर वारदात में प्रयुक्त हथियार, बाइक और रंगदारी से जुड़े पूरे गठजोड़ का पर्दाफाश करेंगे।

आधी रात को बरसाई थीं गोलियां, वीडियो भी बनाया
यह खौफनाक वारदात 12-13 सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच पेश आई थी। गांव फरवाही स्थित गुलाब सिद्धू के पैतृक घर के बाहर तीनों आरोपी एक बाइक पर पहुंचे। बाइक रुकते ही बीच में बैठे युवक ने पिस्टल लोड कर घर के दरवाजों और खिड़कियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसके तुरंत बाद पीछे बैठे तीसरे युवक ने भी फायरिंग की, जबकि बाइक चला रहा युवक अपने मोबाइल से इस पूरी गोलीबारी का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। गनीमत यह रही कि वारदात के समय सिंगर गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया।

जनवरी में भी रची गई थी हमले की साजिश, गाने के बोल से था विवाद
गौरतलब है कि सिंगर गुलाब सिद्धू पहले से ही गैंगस्टरों और असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहे हैं। इससे पहले 10 जनवरी 2026 को भी बरनाला पुलिस ने सिंगर पर जानलेवा हमले की फिराक में घूम रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया था। उस साजिश का मुख्य मास्टरमाइंड गांव कोटदूना का सरपंच बलजिंदर सिंह उर्फ किंदा था, जो गुलाब सिद्धू के चर्चित गाने ‘सरपंचियां’ के बोल से नाराज चल रहा था। उस वक्त आरोपी एक लाइव शो के दौरान घात लगाकर हमला करने और खौफ फैलाकर करोड़ों की फिरौती वसूलने की फिराक में थे। पुलिस अब इस ताजा गोलीबारी को भी पुराने विवाद और रंगदारी के एंगल से जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।

Three shooters arrested for opening fire at Punjabi singer’s home; they fired shots at midnight