जालंधर: जालंधर के महतपुर इलाके में नशा तस्करों का खौफनाक आतंक देखने को मिला है। यहां जमहूरी किसान सभा के नेता और गांव बूटा छन्ना के सरपंच महिंदर सिंह पर तस्करों ने जानलेवा हमला कर दिया है। इस भयानक हमले में सरपंच की टांगों में गंभीर फ्रैक्चर आया है और उनके सिर पर गहरी चोटें लगी हैं। खून से लथपथ और बेहद गंभीर हालत में उन्हें तुरंत जालंधर के मशहूर अरमान अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत के साथ-साथ भारी रोष का माहौल पनप गया है।
पत्नी के साथ खेत जा रहे थे सरपंच, पहले से घात लगाकर बैठे थे हमलावर
यह खौफनाक वारदात सुबह करीब साढ़े 6 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, सरपंच महिंदर सिंह अपनी पत्नी के साथ अपने खेतों की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह खेत में पहुंचे, वहां पहले से ही घात लगाकर छिपे बैठे कुछ बदमाशों ने उन पर अचानक धावा बोल दिया। हमलावरों ने बिना कोई मौका दिए सरपंच पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमले के दौरान जब सरपंच और उनकी पत्नी ने अपनी जान बचाने के लिए जोर-जोर से शोर मचाया, तो आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों की भीड़ को अपनी तरफ आता देख हमलावर तुरंत वहां से भागने में कामयाब हो गए।
पुलिस पर लगे सनसनीखेज आरोप, तस्करों को खुद लीक की मुखबिर की जानकारी!
इस जानलेवा वारदात के बाद महतपुर के निवासियों और विभिन्न किसान जत्थेबंदियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। भड़के हुए लोगों ने थाना महतपुर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसान नेताओं और ग्रामीणों ने पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरपंच पंजाब सरकार की ‘नशे के विरुद्ध जंग’ मुहिम के तहत लगातार चिट्टा (ड्रग्स) बेचने वालों की सूचना पुलिस को दे रहे थे। लोगों का सीधा आरोप है कि पुलिस ने इन नशा तस्करों पर कार्रवाई करने के बजाय, सरपंच द्वारा दी गई गुप्त सूचना और उनकी पहचान ही तस्करों को लीक कर दी, जिसका खामियाजा सरपंच को इस दर्दनाक हमले के रूप में भुगतना पड़ा है।

punjab-polices-informant-turned-out-to-be-costly-chitta-smugglers-cornered-the-sarpanch-in-the-middle-of-a-field








