You are currently viewing पंजाब: रात को जिद करके खाए मोमोज और चांप, सुबह बिस्तर पर नीली पड़ी मिलीं मासूम भाई-बहन की लाशें

पंजाब: रात को जिद करके खाए मोमोज और चांप, सुबह बिस्तर पर नीली पड़ी मिलीं मासूम भाई-बहन की लाशें

तरनतारन: तरनतारन में रविवार सुबह एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। तहसील बाजार के पास स्थित ‘गली डीएसपी वाली’ में जूस का काम करने वाले विशाल उर्फ टिंकू की 9 वर्षीय बेटी दानिका और 6 वर्षीय बेटे आरव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों बच्चों ने रात को जिद करके फास्ट फूड (चांप और मोमोज) मंगवाकर खाया था। हैरानी की बात यह है कि यही फास्ट फूड बच्चों की मां नेहा ने भी खाया था, लेकिन उनकी हालत बिल्कुल ठीक है। सुबह दोनों बच्चों की लाशें मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गहराई से जांच शुरू कर दी है।

11 साल पहले हुई थी दूसरी शादी, तंगी से गुजर रहा था परिवार

गली डीएसपी वाली में पिछले करीब 20 सालों से रह रहे विशाल कुमार उर्फ टिंकू का अपनी पहली पत्नी से 12 साल पहले तलाक हो गया था। पहली पत्नी से उनका बड़ा बेटा है जो पिछले चार साल से सिंगापुर में रह रहा है। इसके बाद टिंकू ने करीब 11 साल पहले नेहा नाम की महिला से दूसरी शादी की थी, जिनसे दानिका और आरव का जन्म हुआ। बेटी दानिका तीसरी और बेटा आरव पहली कक्षा में पढ़ता था। बताया जा रहा है कि इन दिनों विशाल का कामकाज कुछ मंदा चल रहा था, जिसके चलते पूरा परिवार आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा था।

रात को रेहड़ी से मंगवाया था फास्ट फूड, एक ही कमरे में सोया था परिवार

विशाल और नेहा ने पुलिस को बताया कि रात को दानिका और आरव ने चांप और मोमोज खाने की भारी जिद की थी। बच्चों की जिद पूरी करने के लिए घर से महज 50 गज की दूरी पर को-ऑपरेटिव बैंक के पास लगने वाली एक फास्ट फूड की रेहड़ी से यह सामान खरीदा गया था। रात को दोनों बच्चों ने बड़े चाव से इसे खाया और अपनी मां नेहा को भी थोड़ा सा खिलाया। इसके बाद करीब साढ़े नौ बजे पूरा परिवार एक ही कमरे में सोने चला गया। मां नेहा अपनी बेटी के साथ जमीन पर गद्दा लगाकर सो गई, जबकि विशाल अपने बेटे आरव के साथ बेड पर सो गया।

रविवार सुबह 9 बजे उठाने गए तो उड़ गए होश, शरीर पड़ चुका था नीला

रविवार की सुबह जब नेहा और टिंकू की नींद खुली, तो उन्होंने बच्चों को जल्दी नहीं उठाया क्योंकि स्कूल की छुट्टी थी। लेकिन सुबह करीब 9 बजे जब विशाल ने बच्चों को उठाने की कोशिश की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दोनों बच्चों के शरीर पूरी तरह से नीले पड़ चुके थे और उनकी सांसें थम चुकी थीं। इस खौफनाक मंजर को देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। तुरंत कुछ ही दूरी पर रहने वाले बच्चों के ताया सतीश कुमार को बुलाया गया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिस को इस दर्दनाक घटना की सूचना दी।

पुलिस ने मोबाइल किए जब्त, रेहड़ी वाले से भी हो रही पूछताछ

घटना की भनक लगते ही थाना सिटी के इंचार्ज इंस्पेक्टर नवदीप सिंह भट्टी, एएसआई गुरप्रीत सिंह और महिला पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया ताकि हर बारीक सुराग जुटाया जा सके। पुलिस ने जांच के लिए परिजनों के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए हैं और उस फास्ट फूड रेहड़ी वाले को भी हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की जा रही है। डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मासूमों की मौत के असली कारणों का पर्दाफाश हो पाएगा।

Punjab: After insisting on eating momos and champ at night, the bodies of the innocent siblings