
नई दिल्ली: आज लगातार चौथे दिन दोनों ईंधनों के दाम में तेजी आई है। सरकारी तेल कंपनियों ने आज पेट्रोल के दाम में 27 पैसे तो डीजल के दाम में 25 पैसे की बढ़ोतरी की। दिल्ली का भाव देखें तो शनिवार को पेट्रोल 83.13 रुपए पर तो डीजल 73.32 रुपए प्रति लीटर पर चला गया। इससे पहले बीते अगस्त में डीजल 73 रुपये से ऊपर चल रहा था।

बीते अगस्त के दूसरे पखवाड़े की शुरूआत से ही पेट्रोल की कीमतों में जो आग लगनी शुरू हुई थी, वह बीते एक सितंबर तक जारी रही थी। यदि दिल्ली की बात करें तो यहां बीते 13 किस्तों में पेट्रोल प्रति लीटर 2.07 पैसे महंगा हुआ था। उसके बाद कुछ दिनों तक स्थिर रहने के बाद बीते 10 सितंबर के बाद इसमें ठहर-ठहर कर कमी का रुख था और पिछले महीने इसमें 1.19 रुपये की कमी हो चुकी थी। इसके बाद 48 दिनों तक शांति रही थी। लेकिन, उसके बाद 13 किस्तों में ठहर ठहर कर बढ़ोतरी ही हुई। इतने दिनों में पेट्रोल प्रति लीटर 2.07 पैसे महंगा हो चुका है।
वाणिज्यिक नगरी मुंबई में पेट्रोल 26 पैसे बढ़कर 89.78 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 27 पैसे बढ़कर 79.93 रुपये प्रति लीटर हो गया। कोलकाता में पेट्रोल के भाव 26 पैसे बढ़कर 84.63 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 25 पैसे बढ़कर 76.89 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। चेन्नई में भी पेट्रोल-डीजल के दाम में इजाफा हो गया है। पेट्रोल के दाम 24 पैसे बढ़कर 86 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 25 पैसे बढ़कर 78.69 रुपये प्रति लीटर पहुंच गए।






