
जालंधर: जालंधर के प्रीत नगर इलाके में रविवार देर रात साढ़े 11 बजे सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। मामूली रंजिश के चलते करीब 10 लोगों ने एक महिला और उसके पति को घेरकर बुरी तरह पीट दिया। इस हमले में महिला को गंभीर चोटें आई हैं और आरोप है कि हमलावरों ने उसके बाल तक जड़ से उखाड़ लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आज (सोमवार) पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालेगी।

पीड़ित महिला भावना ने बताया कि कुछ दिन पहले वह अपनी गाड़ी से गली से गुजर रही थीं। इस दौरान कुछ बच्चे गली में खेल रहे थे, जिन्हें उन्होंने बस साइड पर होकर खेलने के लिए कहा था। ये बच्चे पिछली गली में ही रहते हैं। आरोप है कि इसी बात पर बच्चों के पारिवारिक सदस्यों ने उन्हें फोन कर गालियां निकालीं।
भावना ने बताया कि इसी रंजिश को लेकर जब रविवार रात वह और उनके पति चौक में पहुंचे, तो वहां पहले से ही 10 लोग घात लगाकर खड़े थे। आरोपियों ने उन्हें देखते ही हमला कर दिया। महिला का आरोप है कि जब वह अपने पति को छुड़वाने के लिए आगे बढ़ीं, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की और उनके बाल उखाड़ लिए।
पीड़िता के पति सुमित ने बताया कि उन्हें लक्की और सिमरन नाम के युवकों ने फोन करके बुलाया था। जब वह वहां गए, तो उन पर हमला कर दिया गया। परिवार ने मामले की लिखित शिकायत सिटी पुलिस को दे दी है और पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
View this post on Instagram


Open hooliganism in Jalandhar




