जालंधर: शहर के सोढल रोड स्थित काली माता मंदिर के पास रविवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब स्थानीय लोगों ने एक युवक को बुलेट मोटरसाइकिल चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। चोरी की कोशिश से गुस्साए लोगों ने आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और उसे एक पेड़ से बांधकर उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन-1 की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
बुलेट के मालिक समीर, जो कि चरणजीतपुरा के रहने वाले हैं, ने बताया कि वह और उनकी पत्नी पास की ही एक दुकान पर काम करते हैं। उन्होंने अपनी बुलेट दुकान के बाहर खड़ी की थी। इसी बीच पास काम करने वाले एक लड़के ने उन्हें बताया कि कोई उनकी बाइक ले जा रहा है। समीर ने तुरंत दौड़ लगाई और सब्जी मंडी के पास आरोपी को दबोच लिया। गनीमत रही कि चोर से बुलेट स्टार्ट नहीं हुई और वह उसे पैदल ही घसीटकर ले जा रहा था, जिस कारण वह पकड़ा गया। समीर की पत्नी ने बताया कि आसपास के लड़कों के मुताबिक, यह चोर पिछले 3-4 दिनों से इलाके में रेकी कर रहा था।
लोगों की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रोहित बताया। उसने अपने घर का पता पहले पठानकोट और फिर किसी अन्य जगह का बताया, जिससे संदेह और बढ़ गया। भीड़ द्वारा सख्ती से पूछने पर आरोपी ने कबूल किया कि वह नशे का आदी है और ‘चिट्टा’ पीता है। उसने बताया कि वह हमीरा से 200-300 रुपये में चिट्टे की पुड़िया लाता है और नशे की इसी लत को पूरा करने के लिए उसने चोरी की कोशिश की थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया और थाने ले गई, लेकिन बुलेट मालिक समीर ने पुलिस कार्रवाई करवाने से साफ इनकार कर दिया। समीर ने तर्क दिया कि वह और उनकी पत्नी नौकरीपेशा लोग हैं। अगर मामला दर्ज हुआ तो बुलेट थाने में जमा हो जाएगी, जिससे उनके काम पर जाने में दिक्कत होगी। उन्होंने पुलिस से अपील की कि वे कानूनी पचड़े में नहीं पड़ना चाहते, इसलिए पुलिस आरोपी को समझा-बुझाकर छोड़ दे ताकि वह दोबारा ऐसी हरकत न करे।

Mob anger in Jalandhar: Youth caught red-handed stealing Bullet, tied to a tree and thrashed by mob




