जालंधर: जालंधर के वेस्ट हलके में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और आए दिन चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं। ताजा मामला शहर के बस्ती शेख इलाके का है, जहां चोरों ने एक बंद पड़े घर को अपना निशाना बनाया और वहां से लाखों का सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित मकान मालिक अमित धालीवाल मुंबई में रहते हैं और उनका यह घर पिछले करीब एक महीने से बंद पड़ा था। चोरों ने घर में घुसकर तसल्ली से हाथ साफ किया और घर में रखा करीब 2 से 2.5 लाख रुपये कीमत का सारा सामान चुरा ले गए।
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित अमित धालीवाल ने बताया कि वे अक्सर मुंबई में रहते हैं और बीच-बीच में जालंधर आते रहते हैं। उन्हें चोरी की सूचना उनके पड़ोसियों ने फोन पर दी, जिसके बाद वे तुरंत मुंबई से जालंधर पहुंचे। घर पहुंचकर उन्होंने देखा कि अंदर का नजारा ही बदला हुआ था। चोर छत का दरवाजा खींचकर अंदर दाखिल हुए थे और घर में मौजूद एसी, पंखे, डीवीआर, पानी की मोटर, वाशिंग मशीन, एलसीडी, गैस सिलेंडर, चूल्हा और गलती से घर में छूटे 5 हजार रुपये नकद समेत सब कुछ चुरा ले गए। अमित ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि शायद घर का लेंटर गिर गया है, लेकिन बाद में पता चला कि यह चोरी की एक बड़ी वारदात थी।
इस मामले में पीड़ित ने अपने पड़ोसी लव गिल पर चोरी का सीधा आरोप लगाया है। अमित का कहना है कि उन्हें पूरा यकीन है कि इस घटना को उनके पड़ोसी ने ही अंजाम दिया है। उन्होंने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करवा दी है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस और जांच अधिकारी भी इस बात से हैरान हैं कि इतनी तंग गली में स्थित घर से चोर इतना भारी-भरकम सामान कैसे निकाल ले गए। पुलिस का मानना है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की होगी और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया होगा। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं और आश्वासन दिया है कि मामले की गहनता से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Major theft in the closed house of a Mumbai resident in Jalandhar: Thieves entered through the roof, stole goods worth 2.5 lakh




