जालंधर: शहर के काजी मंडी से सटे संतोषी नगर इलाके में रविवार देर रात गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। एक मामूली पार्किंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद 8 से 10 हथियारबंद युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल युवक को बेरहमी से पीटा, बल्कि गली में खड़ी लोगों की गाड़ियों में तोड़फोड़ की और घरों पर पथराव भी किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
संतोषी नगर की गली नंबर-2 निवासी मिंटू कुमार ने बताया कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब उनका भाई राजीव कुमार अपनी गाड़ी पार्क करने गया था। वहां पहले से मौजूद 2-3 युवकों के साथ उसकी कहासुनी हो गई। उस वक्त तो मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वे युवक अपने 8-10 साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर वापस आए और राजीव पर हमला बोल दिया।
देखें VIDEO-
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने राजीव को घेरकर बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इतना ही नहीं, गुंडों ने गली में दहशत फैलाने के लिए वहां खड़े लोगों के टू-व्हीलर भी तोड़ डाले। आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने कई घरों पर ईंट-पत्थर भी बरसाए।
घायल राजीव को इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना रामा मंडी की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। बताया जा रहा है कि हमलावर भी संतोषी नगर के ही रहने वाले हैं। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।

Jalandhar: Youth brutally beaten, vehicles vandalized, and houses pelted with stones




