
जालंधर: जालंधर पुलिस ने भार्गव कैंप नगर स्थित विजय ज्वेलर पर हुई करोड़ों की लूट का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों कुशल, गगन और कर्ण सहित उन्हें पनाह देने वालों को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से लूटी गई सोने की ज्वेलरी, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर धन प्रीत कौर ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में 30 अक्टूबर को थाना भार्गव कैंप में FIR 167 दर्ज की गई थी। यह शिकायत 72-A, अवतार नगर निवासी विजय कुमार ने दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता अजय कुमार ने पुलिस को बताया था कि 30 अक्टूबर को सुबह लगभग 10 बजे, 3 युवक शोरूम में घुसे और पिस्तौल दिखाकर गहने और नकदी लूट कर फरार हो गए। यह सारी वारदात CCTV में कैद हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए DCP मनप्रीत सिंह ढिल्लों, ADCP जयंत, ADCP-2 विनीत गिल और ACP वेस्ट सर्वजीत सिंह की निगरानी में एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने CCTV फुटेज की जांच और तकनीकी सहायता से लुटेरों को अजमेर से काबू किया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को जालंधर सेशन कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए माल की रिकवरी कर ली गई है। आरोपी कर्ण से 8 सोने के लेडीज सेट और वारदात के समय पहनी हुई काली हुडी बरामद की गई। दूसरे आरोपी कुशल से 40 सोने के टॉप्स (झुमके) और उसकी काली हुडी जब्त की गई। वहीं, तीसरे आरोपी गगन से 12 सोने की चेन, 7 अंगूठियां और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।
View this post on Instagram


Jalandhar Vijay Jeweller robbery








